Showing posts with label कटाक्ष. Show all posts
Showing posts with label कटाक्ष. Show all posts

Wednesday, May 1, 2024

111. शासक हाथी और शोषित कुत्ता

एक कहावत है- ''हाथी चले बाज़ार कुत्ता भौंके हज़ार।'' इसका अर्थ है आलोचना, निन्दा, द्वेष या बुराई की परवाह किए बिना अच्छे कार्य करते रहना या सही राह पर चलते रहना। इसका सन्देश अत्यन्त सकारात्मक है, जो हर किसी के लिए उचित, सार्थक एवं अनुकरणीय है। हम सभी के जीवन में ऐसा होता है जब आप सही हों फिर भी आपकी अत्यधिक आलोचना होती है। अक्सर आलोचना से घबराकर या डरकर कुछ लोग निष्क्रिय हो जाते हैं या चुप बैठ जाते हैं। कुछ लोग अनुचित राह पकड़ लेते हैं और ''हाथी चले बाज़ार कुत्ता भौंके हज़ार'' कहावत को चरितार्थ करते हैं। वे बिना किसी परवाह के अनुचित कार्य करते रहेंगे; न अपने सम्मान की चिन्ता न दूसरे की असुविधा की फ़िक्र। बस अपना हित साधना है, पूरी दुनिया जाए भाड़ में।   

वर्तमान परिपेक्ष्य में देखें तो राजनीतिक परिस्थितियों पर यह कहावत सटीक बैठती है, भले नकारात्मक रूप से ही सही। कुछ नेता स्वयं को हाथी मानकर अति मनमानी करते हैं, अति निर्लज्जता से सारे ग़लत काम करते हैं, असंवेदनशीलता की सारी हदें लाँघ जाते हैं, बेशर्मी से दाँव-पेंच लगाकर बाज़ी चलते हैं। उन्हें न अपनी आलोचना की फ़िक्र है, न अपने कुकृत्यों पर शर्मिन्दगी। पद, पैसा और लालच के सामने उन्हें किसी चीज़ की कोई परवाह नहीं। 

इस सन्दर्भ में सोचें तो हम आम जनता कुत्ते की तरह हैं, जो हर अनुचित पर लगातार भौंक रहे हैं और सदियों से भौंकते जा रहे हैं। न किसी को हमारी परवाह है, न कोई हमारी बात सुनता है; फिर भी हम भौंकते रहते हैं। ज़िन्दाबाद-मुर्दाबाद करते रहते हैं। हमारे अधिनायक, बादशाह, शासक, नेता, आका, सत्ताधीश बिगड़ैल हाथी की तरह सत्ता हथियाने के लिए भाग रहे हैं और हम जैसे भौंकते कुत्तों को रौंदते जा रहे हैं। वे हाथी हैं, अपने हाथी होने पर उन्हें घमण्ड है और इस अभिमान में पाँव के नीचे आने वाले कुत्तों को रौंदना उनका कर्त्तव्य; क्योंकि ऐसे कुत्ते उनकी राह में बाधा डालने के लिए खड़े हैं।  

भूख, ग़रीबी, बेरोज़गारी, अन्याय, अत्याचार, तानाशाही, निरंकुशता आदि के ख़िलाफ़ हम कितना भी भौंके, कोई सुनवाई नहीं है। नेताओं को कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता, उन्हें अपने फ़ायदे के लिए जो सही लगता है वे करते हैं; वे हाथी जो ठहरे। आम जनता तो कुत्ता है, भौंके, भौंकता रहे। जिधर रोटी मिलेगी दुम हिलाते हुए कुछ कुत्ता हाथी के पीछे चला जाएगा। कुछ कुत्ता हमेशा की तरह भौंक-भौंककर जनता को जगाएगा ताकि वे अपना अधिकार जाने और सही के लिए भौंकने में साथ दें। 

जब-जब चुनाव आएगा तब-तब हाथी होश में आएगा और गिरगिट-सा रंग बदलते हुए अपनी चाल थोड़ी धीमी करेगा। बाज़ार से गुज़रते हुए रोटी का टुकड़ा फेंकता जाएगा, थोड़ा पुचकारेगा, थोड़ा दया दिखाएगा; जो झाँसे में न आया उसे पाँव तले कुचल देगा। यों भी पेट और वोट का रिश्ता बहुत पुराना है। पाँच साल जनता कुत्ते की तरह भौंके और नेता हाथी की तरह मदमस्त चलता रहे।

समाज में हर तरह के लोग होते हैं, जो हर कार्य का आकलन, अवलोकन और निष्पादन अपने सोच-विचार से करते हैं। हमारी सोच को शिक्षा, धर्म और संस्कृति सबसे ज़्यादा प्रभावित करती है। जाने कब आएगा वह दिन जब न कोई शासक होग़ा न कोई शोषित। सभी की सोच पर से धर्म और जाति का पर्दा उठेगा और जनहित को ध्यान में रखकर इन्सानियत वाले समाज का निर्माण होगा।  

शासक हाथी और शोषित कुत्ता, खेल जारी है... हाथी अपने मद में चूर जा रहा है और कुत्ते भौंक रहे हैं। हाथी सदा सही होता है और कुत्ता सदा बेवकूफ़! सन्दर्भ भले उलट गया पर कहावत सही है- ''हाथी चले बाज़ार कुत्ता भौंके हज़ार।'' 

- जेन्नी शबनम (1.5.24)

(मज़दूर दिवस)

_________________

Friday, March 8, 2024

110. स्त्री-रोबोट


चित्र गूगल से साभार 
दरवाज़े की घंटी बजी। बहुत क़रीने से साड़ी पहनी हुई एक स्त्री ने मुस्कुराते हुए दरवाज़ा खोल आने का कारण पूछा। फिर बड़े तहज़ीब से बैठक में बिठा पानी लेकर आई। पानी का ग्लास देने के बाद घर के भीतर गई और उस सदस्य को सूचना दी, जिससे मिलना था। फिर वह मुस्कुराती हुई आई और चाय देकर चली गई। अमूमन आम घरों का यह एक सामान्य चलन है। लेकिन जब पता चले कि वह स्त्री जीवित इंसान नहीं बल्कि रोबोट है, तो निःसन्देह हम चौंक जाएँगे या डर जाएँगे, मानो भूत देख लिया हो। 

सुना है कि ऐसे-ऐसे रोबोट बन गए हैं जो हर काम चुटकियों में कर देते हैं, और वह भी उत्तम तरीक़े से। विज्ञान और तकनीक ने मनुष्य का विकल्प रोबोट बनाया है। ऐसे रोबोट बन गए हैं जो स्त्री का विकल्प ही नहीं बल्कि स्त्री ही है, जो हर वह काम करेगी जो एक स्त्री करती है। घर के सारे काम से लेकर पुरुष के साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाने का कार्य वह बेहिचक और पूरी तन्मयता से करेगी। स्त्री-रोबोट देखने में ख़ूबसूरत और सुडौल होगी, आपके पसन्द का परिधान पहनेगी, आपके पसन्द का भोजन पकाएगी, जो गीत आप सुनना चाहें वह गाएगी, ऑनलाइन आपके बैंक के कार्य करेगी, बाज़ार से ऑनलाइन सामान मँगाएगी, आपके हर कार्य का हिसाब रखेगी, आपके रूटीन का ध्यान रखेगी, खाना-दवा सही वक़्त पर देगी। आपके मनोभाव के अनुरूप वह हर काम करेगी, जिससे आपको आनन्द आए और जीवन सुचारू रूप से चले। बस वह बच्चा पैदा नहीं कर सकती।  

अभी एक फ़िल्म आई थी 'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया'। इसमें स्त्री पात्र का चरित्र एक ख़ूबसूरत स्त्री-रोबोट का है, जिसके प्रेम में फ़िल्म का नायक पड़ जाता है; यहाँ तक कि उसके साथ शारीरिक सम्बन्ध भी बनाता है। उस स्त्री-रोबोट से विवाह करने को व्यग्र हो जाता है और विवाह करने के लिए एक सुघड़ सुसंस्कृत बहु के रूप में घरवालों से मिलवाता है। ख़ैर... यह तो फ़िल्म है, जो हमें हमारे समाज के भविष्य का रूप दिखा रहा है। ऐसा सचमुच कब होगा मालूम नहीं, जब हम एक आम स्त्री और रोबोट में फ़र्क़ न कर पाएँ। हालाँकि फ़िल्म में इसके दुष्परिणाम भी दिखाए गए हैं; लेकिन यह तो सत्य है कि हर पुरुष ऐसी ही रोबोट स्त्री चाहता है, जो बिना थके बिना किसी शिकायत किए चौबीस घंटा उसके लिए मुस्कुराती हुई उपलब्ध रहे।  
चित्र गूगल से साभार 
समाज में स्त्रियों की जो स्थिति है ऐसे में मुनासिब है कि संसार से स्त्री प्रजाति मिट जाए और उसकी जगह स्त्री-रोबोट ले ले। हमारे पुरुषप्रधान समाज में सैकड़ों सालों से स्त्री जीवन के सुधार के लिए कार्य किए गए; लेकिन नतीज़ा सिफ़र। कुछ ख़ास तबक़े और वर्ग को छोड़ दें, तो हज़ारों साल से स्त्री की वास्तविक स्थिति में ज़्यादा सुधार नहीं हुआ है। हाँ! अब स्त्री पढ़ रही है, कार्य करती है, बच्चे सँभालती है और पुरुष को बराबर का सहयोग देती है। परन्तु यह सब इतना कम है कि अगर सही मायने में सर्वे हो, तो सारी बातें स्पष्ट रूप से सामने आएँगी। 

बलात्कार व बलात्कार के बाद हत्या, दहेज़ के लिए प्रताड़ना व हत्या, भ्रूण हत्या, अशिक्षा, बाल विवाह, घरेलु हिंसा, छेड़खानी इत्यादि दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। हज़ारों प्रयत्न के बाद भी स्त्रियों को आज़ादी एवं सुरक्षा नहीं मिल सकी है। स्त्री का जीवन माँ के गर्भ में आने से लेकर मृत्युपर्यन्त ख़तरे में रहता है। दोष सिर्फ़ पुरुष समाज का नहीं, हम सभी की इसमें बराबर भागीदारी है। 

'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' फ़िल्म देखकर यह ख़याल आया कि सचमुच ऐसे रोबोट बनाए जाएँ, जो पूर्णतः शारीरिक और मानसिक रूप से स्त्री हो, ताकि पुरुष अपने मनमाफ़िक़ उसका संचालन और उपयोग करे। स्त्री-रोबोट 24 घण्टे हर काम के लिए उपलब्ध रहेगी। घर का काम, बैंक का काम या कोई गुप्त कार्य वह आसानी से करेगी। उसे न भूख लगेगी न प्यास, न आँसू बहाएगी न कोई शिकायत करेगी, न उसे कोई तकलीफ़ होगी, न कोई अपेक्षा रखेगी। जितना मर्ज़ी उसके साथ हमबिस्तर हुआ जा सकता है। अगर बलात्कार भी हो, तो वह न चीखेगी न चिल्लाएगी। पुरुष जो भी कार्य का आदेश देगा वह करेगी। 

अधिकतर पति को अपनी पत्नी से शिकायत रहती है। ढेरों चुटकुले बने हैं पत्नी पीड़ित पुरुष द्वारा स्त्री के लिए। पुरुष के अनुसार पत्नी अपने पति को ग़ुलाम बनाकर रखना चाहती है, उसकी आज़ादी छीन लेती है, उसपर हमेशा सन्देह करती है, निराधार आरोप लगाती है, सिर्फ़ पति के पैसे से मतलब रखती है इत्यादि। ऐसे में स्त्री-रोबोट सचमुच बहुत बढ़िया विकल्प है। पुरुष की सारी ज़रूरत स्त्री-रोबोट पूरी करेगी। अगर ऐसा हो जाए तो पुरुषों की दुनिया बहुत अच्छी और आनन्दमय हो जाएगी।  

जहाँ तक सवाल है कि रोबोट बच्चे पैदा नहीं कर सकती, जो एक जीवित स्त्री का कार्य है; तो इसके लिए रोबोटिक्स के इंजीनियर थोड़ी और मेहनत करें और बच्चा पैदा करने वाली स्त्री-रोबोट का आविष्कार करें। फिर इस संसार से सारी स्त्री ख़त्म हो जाएगी। यों स्त्री की हत्या कई कारणों से होती रहती है- माँ के गर्भ में, दहेज के लिए ससुराल में, प्रेम के लिए हामी न भरने पर पागल प्रेमी द्वारा, बलात्कार करके, प्रतिष्ठा के लिए (ऑनर किलिंग)। स्त्री-रोबोट आ जाने से ये सारे अपराध बन्द हो जाएँगे।

स्त्री को यों भी नरक का द्वार कहा गया है। न रहेगा द्वार न कोई प्रवेश करके जाएगा नरक में। स्त्री मुक्त संसार से यह दुनिया स्वर्ग बन जाएगी। फिर सारे पुरुष स्वर्ग में निवास करेंगे। 

अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ। 

चित्र गूगल से साभार 
-जेन्नी शबनम (8.3.2024)
(अन्तर्रष्ट्रीय महिला दिवस)
___________________  
   

 

Friday, December 11, 2009

2. मोहल्ला मुख्यमंत्री

चित्र- गूगल से साभार
 
हम भी बनेंगे मुख्यमंत्री! हर राजनीतिज्ञ जब प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बनना चाहता है, तो हम क्यों न बनें? कहावत है- ''जिसकी लाठी, उसकी भैंस''। यह बहुत सार्थक कहावत है, आज के समयानुकूल। हर इंसान को नाम, शोहरत और पैसा चाहिए। जब कुछ ख़ास के पास है, तो हम आम लोगों के पास क्यों नहीं? राजनीति से अच्छा आजकल कोई धंधा नहीं, जिसमें सब कुछ मिल जाता है।
 
मित्रो, आइए हम सभी मिलकर एक काम करते हैं। हर मोहल्ले को एक राज्य बनाकर मुख्यमंत्री बना दिया जाए और उस मोहल्ले के हर घर का मुख्यकर्त्ता विधान सभा का सदस्य, हर मोहल्ले में जो सरकारी ज़मीन पर पार्क हो उसे हटाकर वहाँ विधान सभा का भवन बना दिया जाए। सभी मोहल्ला एक राज्य, जिसमें एक मुख्यमंत्री, कई मंत्री, सभी विधान सभा के सदस्य, जिसकी जैसी मर्ज़ी अपना-अपना राज्य चलाएँ।  
 
कैसा लगा मेरा सुझाव? मेरी, आपकी और सबकी महत्वाकांक्षा पूरी हो जाएगी।  
 
अंग्रेज़ों की चाल 'फूट डालो, राज करो' की नीति का परिणाम यह था कि देश दो टुकड़ों में बँटा। सिंहासन-लोभ और राजनैतिक-महत्वाकांक्षा को महात्मा गांधी भी रोक न पाए और देश का विभाजन हुआ, जिसकी पीड़ा आज तक हम सह रहे हैं। देश की आज़ादी के लिए महात्मा गांधी ने जिस अहिंसा और अनशन के द्वारा अंग्रेज़ों को कभी परास्त किया, आज उनके ही समर्थक इस ताक़त को हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं, अपने स्वार्थ के लिए। बापू की वर्षों की तपस्या और संघर्ष से प्राप्त आज़ाद भारत आज टुकड़ों-टुकड़ों में बँट रहा है। मन तो हर आदमी का बँट चुका है, देश का आतंरिक-भौगोलिक क्षेत्र भी सत्ता-लोभ से बँट रहा है। जाने अब और कितने टुकड़ों में बँटेगा भारत?  
 
तेलंगाना राज्य का गठन होना मात्र एक राज्य के बँटने तक सीमित नहीं है, इसका गठन होना नौ और नए राज्यों के गठन के लिए रास्ता दिखा रहा है, साथ ही देश में आन्दोलनों की एक नई शृंखला शुरू होने जा रही है। बिहार को दो टुकड़ों में बाँटकर एक नया राज्य झारखंड बनाया गया था। अब बिहार के कुटिल-राजनीतिज्ञ उत्तर बिहार को अलग कर नया राज्य 'मिथिलांचल' की माँग कर रहे हैं। उसी तरह गोरखालैंड (पश्चिम बंगाल और दार्जिलिंग का हिस्सा), पूर्वांचल (पूर्वी उत्तर प्रदेश), ग्रेटर कूच बिहार (पश्चिम बंगाल और असम का हिस्सा), हरित प्रदेश (पश्चिम उत्तर प्रदेश), बुंदेलखण्ड (उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश का हिस्सा) कूर्ग (कर्नाटक), सौराष्ट्र (गुजरात), विदर्भ (महाराष्ट्र) आदि अलग राज्य के लिए माँग कर रहे हैं। हमारे बुद्धिजीवी राजनीतिज्ञों की राय है कि देश की तरक्की, विकास, सुधार और सुशासन के लिए राज्यों को छोटे-छोटे टुकड़ों में बाँटना ज़रूरी है। फिर तो ग्राम-सभा, ग्राम-पंचायत, नगर-पालिका, नगर-पंचायत, जो एक तरह की छोटी-छोटी विधानसभाएँ ही हैं, इन सभी का क्या औचित्य?  
 
असली प्रजातंत्र तो अब यही है कि हर गाँव, कस्बे, मोहल्ले को एक नया राज्य बना दिया जाए। भाषा के आधार पर अलग राज्य, परिधान के आधार पर अलग राज्य, भौगोलिक स्थिति के आधार पर अलग राज्य, संस्कृति के आधार पर अलग राज्य, हर सम्प्रदाय के लिए अलग राज्य, पुरुषों का अलग राज्य, स्त्रियों का अलग राज्य, हर पार्टी के वर्चस्व के आधार पर अलग राज्य, ग़रीबों का एक राज्य, अमीरों का एक राज्य, दलितों का एक राज्य।जाति, उपजाति, गोत्र, पिंड, टोटम, देवी-देवता, भाषा, क्षेत्रीय भाषा, रहन-सहन, सन्दर्भ समूह, इन सभी आधार पर भी राज्य बाँट सकते हैं।  
 
छोटे-छोटे राज्यों में बँटकर किसकी साध पूरी होगी? जाने राजनीतिज्ञों की ये सत्ता की भूख देश को कहाँ लेकर जाएगी? देश की प्रगति के लिए राज्यों का अब और बँटवारा उचित नहीं; बल्कि देश की अखण्डता को बनाए रखना ज़रूरी है। आज देश में ग़रीबी, अशिक्षा, भूखमरी, महँगाई, पानी, बिजली, प्राकृतिक आपदा, आतंकवाद, नक्सलवाद, क्षेत्रीयता, हिंसा, बलात्कार, भ्रष्टाचार, इत्यादि ऐसे गम्भीर मसले हैं, जिससे हर आम और ख़ास नागरिक प्रभावित होता है। राजनीतिज्ञों की सत्ता-लोलुपता का ही नतीजा है कि देश के इतने टुकड़े हो चुके हैं, फिर भी वे संतुष्ट नहीं। राज्य का विभाजन ही नहीं, बल्कि इंसानों के विभाजन में भी वे कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। एक तरफ़ सम्पूर्ण दुनिया में वैश्वीकरण की बात होती है, तो दूसरी तरफ़ देश के भीतर इतना ज़्यादा विभाजन। किस-किस प्रकार से बाँटते रहेंगे? देश के बाद राज्य के विभाजन में देश का सुन्दर भविष्य देखने वाले इन देश-भक्त नेताओं से किसकी तरक़्क़ी की उम्मीद करें?  
 
आश्चर्य है, सत्ता पक्ष हो या विपक्ष कैसे किसी राज्य को बाँटने के लिए तैयार है?

-जेन्नी शबनम (11.12.2009)
____________________