Saturday, March 8, 2025

123. महिला साहित्यकारों की समस्याएँ

साहित्यकार होना बहुत बड़ी उपलब्धि है, विशेषकर महिलाओं के लिएक्योंकि महिला साहित्यकार सिर्फ़ साहित्यकार नहीं होती, उससे पहले वह एक स्त्री होती है। स्त्री जिसके लिए समाज में ढेरों नियम व क़ायदे बनाए गए हैंजिनका पालन करते हुए अपने को साहित्य की दुनिया में समावेश करना बेहद कठिन होता है। फिर भी आज महिला साहित्यकारों की बहुत बड़ी संख्या है और समाज में उनकी पहचान भी है। एक आम स्त्री की जो समस्या है, वह तो महिला साहित्यकारों के लिए भी है, साथ-ही-साथ साहित्य की दुनिया में स्वयं को स्थापित करने के लिए अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता हैचाहे यह समस्या घर से शुरू हो या समाज द्वारा दी जाए। सबसे ज़्यादा उन महिला साहित्यकारों को समस्या होती है, जिनकी पहचान साहित्यकार के रूप में नहीं बन पाई है। उन्हें न घर में साहित्यकार  माना जाता है, न समाज में पहचान होती है। 


पितृसत्तात्मक परिवेश में स्त्रियों की महत्वाकांक्षाएँ अक्सर ढह जाती हैंबहुत कम स्त्रियाँ हैं, जो विषम परिस्थितियों में ख़ुद को स्थापित करने का साहस कर पाती हैं। घर-परिवार का बन्धन ऐसा होता हैजहाँ अक्सर स्त्रियों को अपनी योग्यताअपने शौक़ और ख़ूबियों की तिलांजलि देनी पड़ती है। कई सारे सुअवसर आते हैं; लेकिन मज़बूरियाँ हौसला डिगा देती हैं। हमारी सामाजिक अवधारणा के अनुसार स्त्रियों का दायित्व सर्वप्रथम उसका परिवार हैउसके बाद ही स्वयं के प्रति कोई दायित्व है। इस अवधारणा को स्त्री के मन में इस तरह रोप दिया गया है कि इसके बाहर जाने का साहस बहुत कम स्त्रियाँ कर पाती हैं। हमारे समाज का वैचारिक दिवालियापन स्त्री को आगे बढ़ने से क़दम-क़दम पर रोकता है। स्त्री बेबाकी से कुछ कह नहीं पाती। स्त्री अगर साहित्यकार है, तब तो राहें और भी दुश्वार हैं। स्त्रियाँ अगर अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी, तो उपेक्षाओं का सिलसिला शुरू हो जाता है। 


काफ़ी साल पहले की एक घटना मुझे अब भी याद है। एक सुबह मेरी एक मित्रजो सामान्य गृहिणी हैं और शौक़ से थोड़ा-बहुत लिखती हैंमेरे घर आईं और ख़ूब रोती रहीं। जब थोड़ी शांत हुईं, तो बताया कि किसी रविवार के दिन उन्हें एक काव्य-गोष्ठी में जाना था। उन्होंने अपने पति को बता दिया था कि 11 बजे कुछ मित्र के साथ वे काव्य-गोष्ठी में जाएँगी। रविवार की सुबह से ही उनके पति पुरानी बातें याद कर-करके लड़ते रहे। वे रोती रहीं और घड़ी देखती रहीं। नियत समय पर उनके अन्य मित्र उन्हें लेने सपरिवार आ गए। उनके पति यह जानने के बाद भी कि अतिथि आ चुके हैंलड़ाई बन्द नहीं कर रहे थे। आधे घंटे तक वे सभी इन्तिज़ार करते रहे और लड़ाई थी कि ख़त्म ही नहीं हो रही थी। रो-रोकर उनका चेहरा सूज गया थाऐसे में वे कैसे सबके सामने जाएँगी और कैसे कवि-गोष्ठी में जाएँगीसमझ नहीं पा रही थीं। फिर वे चेहरा धोकरकाजल लगाकर, चश्मा पहनकर और जबरन मुस्कान ओढ़कर गईं और उन लोगों से क्षमा के साथ आग्रह किया कि जबतक वे लोग चाय पिएँवे 10 मिनट में तैयार हो जाएँगी। हालाँकि वे लोग उनके चेहरे और आधे घंटे तक बाहर न आने के कारण समझ गए थे कि परिस्थिति सामान्य नहीं है। बाद में उन लोगों ने उन्हें कहा भी कि क्षमा की ज़रूरत नहीं हैहम लोग समझ गए थे कि कुछ और बात है; इसलिए आपको देर हो रही है। अंततः वे गोष्ठी में गईं; लेकिन अपनी कविता तक पढ़ न सकींक्योंकि मन सहज हो नहीं पा रहा था। वे मुझसे कहने लगी कि अब मैं लिखना बन्द कर दूँगी और न किसी गोष्ठी में जाऊँगी। मैंने उन्हें समझाया कि लेखनी उनकी पहचान हैअतः ऐसा न करेंलेखन जारी रखें। अब तो वे लिखती हैं और ख़ूब लिखती हैं। 


एक घटना मेरे साथ हुईजिससे आज भी मेरा मन क्षुब्ध हो जाता है। पुस्तक मेले में जाने की पूरी तैयारी एक दिन पहले ही मैंने कर रखी थी और घर में भी सभी को बता दिया था कि एक साझा-संकलन का विमोचन होना है, जिसमें मेरी भी रचनाएँ हैं। सुबह अपना सारा काम, जो मेरे लिए ज़रूरी होता हैकर लिया और 12 बजे घर से निकलने के लिए तैयार हो ही रही थी कि कुछ रिश्तेदार घर पर आ गए। उन्होंने पहले से बताया भी नहीं था कि वे लोग आने वाले हैंतो मैं उन्हें आज न आने के लिए कह सकती थी। मन-ही-मन बहुत ग़ुस्सा आयालेकिन मेहमान का स्वागत तो मुस्कान से ही करना होता है। मेहमाननवाज़ी के नाम चढ़ गया मेरा सारा उत्साह। यों पुस्तक बाद में मुझे मिल गई; लेकिन पुस्तक मेले में जाना और विमोचन में साहित्यकार मित्रों से मिलना एक अलग ही सुख देता है। 


ऐसी कितनी ही घटनाएँ व समस्याएँ हैं, जिन्हें मैं देखती आ रही हूँ। प्रतिष्ठित साहित्यकार के लिए शायद समस्याएँ कम होती होंगी; लेकिन उन महिला साहित्यकारों के लिए समस्याएँ बहुत ज़्यादा हैं, जो अभी पहचान बना नहीं पाई हैं। उनके लिए अपना कोई समय नहीं होता, जब वे लिख-पढ़ सकें। एक महिला की ज़िम्मेदारी सबसे पहले उसका घर और परिवार है। परिवार के सभी सदस्यों के समय के अनुसार ही कोई स्त्री अपने लिए समय निकाल पाती है। अगर कामकाजी स्त्री है, तब तो परिवारनौकरी और अपने शौक़ का संतुलन बना पाना बड़ा ही कठिन हो जाता है। ऐसे में अगर पति या परिवार सहयोगी हुआतब तो फिर भी स्त्री थोड़ा वक़्त कभी-कभी अपने लिए निकाल लेती है। समस्या तब ज़्यादा होती हैजब स्त्री का पति उसके साहित्यकार रूप को सम्मान नहीं देता है। मेरी एक मित्र को उसका पति कहता है कि उसे समाज में उसके अच्छा लिखने के कारण सम्मान नहीं मिलता है; बल्कि उसके पति के पद और पैसे के कारण उसे सम्मान मिलता है। उसके आत्मविश्वास और आत्मसम्मान को घर में ही चोट पहुँचाई जाती है। अब ऐसे में स्त्री क्या सोचे, क्या करेघर में अपना सम्मान बचाए रखे या समाज में पहचान बनाएहालाँकि ऐसी परिस्थितियों में कई बार स्त्री अंगार रूप में फट पड़ती है और यही अंगार उसकी लेखनी को और उसे पहचान भी दिला देता है। 


महिला साहित्यकारों की एक बहुत बड़ी समस्या यह भी है, जब किसी साहित्यिक गोष्ठी का आयोजन दूसरे शहर में हो रहा हो। पिता या पति अगर सहयोगी विचार के हैं, तो वे जाने की इजाज़त दे देते हैं या फिर वे स्वयं साथ जाते हैं; लेकिन अगर संकीर्ण विचार के हुए तो बहुत मुश्किल होता है, दूसरे शहर में जाकर अपनी पहचान को बनाए रखना। यों कई मित्रों को जानती हूँ, जिनके पिता और पति न सिर्फ़ साथ जाते हैं; बल्कि ऐसे आयोजनों में जाने के लिए प्रेरित भी करते हैं। संकीर्ण परिवेश में रह रही स्त्रियों को तो अकेले कहीं भी जाने की इजाज़त नही मिलती। या तो परिवार का कोई पुरुष उसे पहुँचा आए या कोई महिला मित्र के साथ वह जाए। ऐसे में बहुत सारी स्त्रियों ने सामाजिक दायरे में ख़ुद को क़ैद कर लिया। किसी तरह कुछ गोष्ठियों में उपस्थित हो पाईं तो ठीक हैअन्यथा कोई-न-कोई बहाना बनाकर अपनी परिस्थिति से समझौता कर लिया। अगर किसी तरह एक-दो किताबें प्रकाशित हो गईं, तो बस इतने से ही संतोष करना पड़ा कि चलो क़िस्मत में इतना भी हो पायाअन्यथा यह भी असंभव ही था। 


महिला साहित्यकारों की एक मानसिक पीड़ा जो मैं महसूस करती हूँ कि अगर कोई पति-पत्नी दोनों ही लेखक हैंतो अधिकतर पति अपनी पत्नी को कमतर आँकता हैभले ही वह स्त्री कितना ही अच्छा लिखती हो। ऐसे में स्त्री का मनोबल टूटने लगता है। उसे एहसास होने लगता है कि जब उसका पति ही कहता है कि वह अच्छा नहीं लिखतीतो निश्चित ही वह बकवास लिखती हैकूड़ा लिखती है। ऐसे में धीरे-धीरे या तो लिखना बन्द कर देती है या फिर लिखती भी है, तो किसी को नहीं दिखाती। कोई दोस्त-मित्र या बच्चे जब एहसास दिलाते हैं कि वह तो एक लेखिका थीलिखना क्यों बन्द कियातब उसे एहसास होता है कि वह तो बेवज़ह ख़ुद को बन्द कर बैठी थी, ख़ुद को घर की परिधि में समेट ली थी और तब पुरुष की चालाकी उसे समझ आती है और वह फिर से साहित्य कि दुनिया में प्रवेश करती है। हाँ! यह ज़रूर है कि जो मानसिक पीड़ा से वह गुज़री थीजो समय उसने गँवाया थायह सब उसे दुःख देता हैपर जीवन का यह सत्य उसे नई ऊँचाइयों की ओर ले भी जाता है। 


आज सामाजिक नेटवर्क हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है। एक तरफ़ जहाँ इससे हम समाज, देश, परदेश से जुड़ जाते हैंतो वहीं कई बार इसका बहुत बड़ा नुक़सान भी उठाना पड़ता है। सभी की हर एक गतिविधि की ख़बर सभी को मिलती रहती है। महिला साहित्यकारों को एक तरफ़ तो नेटवर्क के कारण बहुत बड़ा मंच मिलता है और बड़े पैमाने पर सराहना मिलती है, तो वहीं कुछ लोगों की नज़र में उसकी सफलता खटकने भी लगती है। कुछ लोग नेटवर्क पर अमर्यादित टिप्पणियाँ करने लगते हैं। यदि कोई महिला साहित्यकार बोल्ड महिला है और काफ़ी साहसिक विषयों पर लिखती है या उन विषयों पर लिखती हैजिन्हें परदे के अन्दर रहना समाज द्वारा जाएज़ माना जाता हैतब तो सामान्य स्त्री-पुरुष उसके पीछे ऐसे पड़ जाते हैं जैसे कि वह कोई गुनाह कर रही हो। उसको और उसके चरित्र को कटघरे में खड़ा कर दिया जाता है। हाँ! अब यह ख़ुशी की बात है कि ऐसी बहुत सारी महिला साहित्यकार हैं, जो बेझिझक और बेख़ौफ़ इन विषयों पर लिख रही हैं और दूसरों  द्वारा निर्धारित लक्ष्मण रेखाओं एवं बन्दिशों को तोड़ रही हैं। यों ऐसी साहित्यकार बहुत कम हैंपर जितनी भी हैंअंततः उन्होंने सम्मान अर्जित किया है और लोग उन्हें सम्मान देने लगे हैं; भले ही यहाँ तक पहुँचने में ढेरों बाधाएँ और कठिनाइयाँ आईं। एक मुक़ाम हासिल कर लेने के बाद वही लोग जो कभी असंवेदनशील थे, अब सम्मान देने लगते हैं। 


अनगिनत अग्निपरीक्षाओं का सामना अक्सर महिला साहित्यकारों को करना पड़ता है। स्त्री के व्यक्तिव का आकलन अक्सर उसकी लेखनी के आधार पर लोग करने लगते हैं। कविता-कहानी में सत्य के साथ ही काल्पनिकता का भी समावेश होता हैफिर भी लोग कविता-कहानी के भाव को उस स्त्री की अपनी संवेदना बताते हैं। अगर विषय प्रेम हो, तो लोग कहेंगे कि वह स्त्री किसी के प्रेम में हैअगर वेदना लिख रही, तो यह माना जाता है कि उस स्त्री के स्वयं के जीवन की वेदना है। जिस भी भाव की लेखनी होगी, उस भाव को स्त्री के व्यक्तिगत जीवन से जोड़कर लोग देखते हैं। ऐसे में स्त्री सोचती है कि क्या लिखे, जो लोग कोई अनुमान न लगाएँ। अगर कोई आकर्षक व्यक्तित्व की महिला हैतो उसकी लेखनी से ज़्यादा उसकी सुन्दरता उसके लेखनी का मापदण्ड बन जाता हैयह बहुत दु:खद और आपत्तिजनक है। यों लोगों की सोच में काफ़ी सकारात्मक बदलाव आए हैंमहिला साहित्यकारों को अब पुरुषों के बराबर माना जाने लगा है; फिर भी समयाभाव और सामाजिक परिवेश महिला साहित्यकारों को पुरुष साहित्यकारों के साथ बराबरी पर रहने नहीं देता है। 


महिला साहित्यकारों में सबसे ज़्यादा मैं जिनसे प्रभावित हुई हूँ वे हैं अमृता प्रीतम। अमृता जी से मिलने का सौभाग्य मुझे मिला, परन्तु उस अवस्था में जब वे जीवन के अन्तिम पड़ाव पर थीं। वहीं इमरोज़ जी से मेरा मिलना हुआ और उनसे ही मैंने अमृता जी को एक स्त्री के रूप में देखा। अमृता जी का अमृता प्रीतम तक पहुँचना इतना सरल नहीं था। उस समाज में अमृता जी ने ख़ुद को स्थापित कियाजब स्त्री को घर की चहारदीवारी में क़ैद रहना होता था और अपनी विडम्बनाओं के साथ जीना पड़ता था। अमृता जी की बहुत आलोचना हुईबहुत परेशानियों का सामना कियामगर अमृता जी अंततः अमृता प्रीतम बनी। निःसंदेह अमृता जी हमारी और बहुतों की प्रेरणा हैंफिर भी उनकी तरह हिम्मत और हौसला सभी के बस की बात नहीं। अमृता जी का व्यक्तित्व एवं लेखनी हम स्त्रियों के लिए मील का पत्थर है। 


कई मित्रों को जानती हूँजो बहुत अच्छा लिखती हैंलेकिन कभी किसी को नहीं बताती हैंडायरी के पन्नों में सबसे छुपाकर रखती हैं। यों मैं भी कॉलेज के दिनों से लिखती थीपर कभी किसी को बताया नहीं। अमृता प्रीतम को पढ़ने से पहले शिवानी को बहुत पढ़ती थी। एक बार अमृता जी का उपन्यास 'मोतीसागर और सीपियाँपढ़ने को मिला। उस उपन्यास के बाद तो जैसे अमृता जी को पढ़ने का चस्का मुझे लग गया। ढेरों किताबें ख़रीदी और पढ़ी। एक दिन पता लगा कि वे मेरे घर के नज़दीक ही हौज़ ख़ास में रहती हैंतो मिलने के लिए कई बार फ़ोन कियालेकिन मुलाक़ात नहीं हो पा रही थी; क्योंकि वे बीमार चल रही थीं। मैं भी अपनी दिनचर्या में व्यस्त रहती थी। अमृता जी की मृत्यु से कुछ ही दिन पहले की बात हैएक दिन फिर फ़ोन कियातो संयोग से इमरोज़ जी ने कहा कि आ जाओ मिलने। अमृता जी इतनी बीमार थीं कि देखकर मुझे रुलाई आ गई। अमृता जी को एक बार एक कॉन्फ्रेंस में देखा था। गज़ब का व्यक्तित्व था उनका और आज इस स्थिति में। इमरोज़ जी से काफ़ी बातें हुईं। उनको जब मैंने बताया कि मैं लिखती हूँलेकिन कभी किसी को न बताया न सुनाया। उन्होंने कहा कि तुम अपनी कविता लेकर आओ किसी दिन। मैं अपनी डायरी लेकर उनके घर गईतो उन्होंने कहा कि वे हिन्दी पढ़ नहीं सकतेतो मैं पढ़कर कुछ सुनाऊँ उन्हें। मैंने पाँच-छह कविताएँ पढ़कर सुनाईं। वे बहुत ख़ुश हुए। मुझे बहुत झिझक हो रही थी; लेकिन इमरोज़ जी के सामने मैं अपनी कविता पढ़कर सुना रही थी, यही मेरे लिए बहुत था। उन्होंने कहा कि अपनी किताब छपवाओ। मैंने बताया कि बहुत झिझक होती है किसी को बताने में कि मैं कविता लिखती हूँपता नहीं मैं जो लिखती हूँवह कैसा हैछपने के लायक है भी कि नहीं। इमरोज़ जी ने मुस्कुराकर देखा और कहा- ''तुम जो भी लिखती हो, सोचो कि सबसे अच्छा लिखती होकौन क्या सोचता है इसकी परवाह मत करो।'' जब भी उनसे मिलतीवे पूछते कि किताब दी छपने के लिए और हर बार मैं कहती कि नहीं। एक दिन दोपहर में उनका फ़ोन आया कि यह नम्बर नोट करो और इससे बात करोपैसे तो ज़रूर ज़्यादा लेता है; लेकिन किताब अच्छी छापता है। इमरोज़ जी के इतना प्रोत्साहित करने पर यह ज़रूर हुआ कि मेरी रचनाएँ सार्वजनिक होने लगीं। बहुत सारे साझा-संकलन में मेरी रचनाएँ छपने लगे और मेरी हिचक भी दूर हुई। मैं यह मानती हूँ कि इमरोज़ जी से मेरी मुलाक़ात ने मुझे हौसला दिया कि मैं जो भी लिखूँ उस पर गर्व करूँ और सार्वजनिक करूँ। मैं जानती हूँ ऐसी ढेरों स्त्रियाँ हैंजो बहुत अच्छा लिखती हैंलेकिन उन्हें कोई प्रेरणा देने वाला नहीं हैक्योंकि उन्हें कोई इमरोज़ नहीं मिला। 


साहित्य की दुनिया में इतनी ज़्यादा मेहनत और होड़ है कि ख़ुद को इस रेस में बनाए रखने के लिए सदैव तत्परता और चतुराई दिखाना होता है। कितना भी अच्छा आप लिखते हों, अगर प्रशंसक नहीं और पहचान नहींतो कोई पूछेगा नहीं। सदैव स्वयं और अपने लेखन को साबित करते रहना होता हैअगर आप प्रतिष्ठित साहित्यकार नहीं हैं तो। वाहवाही और शाबाशी की दुनिया है यह, जितनी ज़्यादा लाइक मिलेंगे, उसे उतना ही सफल रचनाकार मान लिया जाता है। यहाँ तो यों है जैसे लेन-देन का मामला। आप मुझे प्रोत्साहित करें, हम आपको; भले ही लेखनी का स्तर कैसा भी हो। महिला साहित्यकारों के साथ यह बहुत बड़ी दुविधा है कि समयाभाव और घरेलू ज़िम्मेदारियों को निभाते हुए साहित्यिक संसार में स्वयं को कैसे तत्पर और सामयिक रखा जाए। फिर भी तमाम कोशिशों के बाद कुछ ही महिला साहित्यकार एक ख़ास मुक़ाम हासिल कर पाती हैंबशर्ते कि परिवार उनके इस कार्य को महत्त्व और सहयोग दे। ब्लॉग या अन्य माध्यमों पर लगातार जाना और सभी को पढ़ना तथा स्वयं लिखनायह अपने आप में पूर्ण कार्य हैकिन्तु इस कार्य में कोई मानदेय नहीं। अतः मुख्य कार्य के रूप में यह कर पाना एक आम स्त्री के लिए मुमकिन नहीं होता हैभले ही वह कामकाजी स्त्री न होकर गृहिणी हो। 


महिला साहित्यकारों के लिए साहित्य का डगर बहुत सरल नहीं है। यहाँ पर भी गुटबन्दी बहुत ज़्यादा है। अपना काम निकालकर दूसरे को गिरा देना एक आम भावना है, जिससे यह जगह अछूता नहीं। हालाँकि यह सब महिला-पुरुष दोनों के साथ होता है। फिर भी महिलाएँ इससे ज़्यादा पीड़ित होती हैं; क्योंकि सीमित समय में साहित्य के लिए ख़ुद को समर्पित करती हैं और ऐसे में किसी गुटबन्दी की शिकार हो जाएँकिसी की दुर्भावना का शिकार हो जाएँतो ऐसे में वह घर से भी बात सुनती है और जगहँसाई होती है सो अलग। हालाँकि अब ऐसी समस्या कम हो रही है; लेकिन अब भी यह हो रहा है और इससे महिलाएँ बहुत आहत होती हैं। लिखना छोड़ देती हैं। आत्मविश्वास अगर बचा भी है तो किस-किस के सामने अपना दुखड़ा रोएँ। न घर में कोई परवाह करता है, न समाज में स्वीकृत हैं। अगर प्रतिष्ठित साहित्यकार हैं, तो भी गुटबन्दी की शिकार होते हुए भी वे इससे ख़ुद को बाहर कर लेती हैंक्योंकि उन्हें अब तक यह गुर आ चुका होता है। लोग प्रतिष्ठित साहित्यकारों के आगे-पीछे करते ही रहते हैं। 


महिला साहित्यकारों की एक अहम समस्या है कि बहुत मेहनत से वह अपने घर और परिवार की ज़िम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए कुछ लिखती हैं और बदले में न तो पारिश्रमिक मिलता हैन प्रोत्साहन। लेखनी तो एक कला है और जिसे यह आता है वह पारिश्रमिक का इन्तिज़ार नहीं करती है; बल्कि लेखन जारी रखती हैभले ही समाज उसका सम्मान दे, न दे। कुछ पत्रिकाएँ पारिश्रमिक भी देती हैं, परन्तु सभी जगह से नहीं मिलता है। कई बार बस छप जाए, यही बहुत बड़ी संतुष्टि होती है। हिन्दी साहित्यकारों के लिए समस्याएँ और भी ज़्यादा हैं। 


प्रकाशकों का मनमाना और अव्यावहारिक रवैया महिला साहित्यकारों को क्षुब्ध कर देता है। कई सारे प्रकाशक हैं, जो बहुत पैसे लेते हैं एक छोटी-सी पुस्तक छापने के लिएजबकि वे काफ़ी कमाते हैं उस पुस्तक से। लेखक के शारीरिक और मानसिक मेहनत के बाद भी उसे ही पैसे ख़र्च कर किताब छपवानी होती है। अगर आप बड़े साहित्यकार हैंचाहे स्त्री हों या पुरुषतब तो प्रकाशक मुँहमाँगी क़ीमत देकर आपकी किताब छापते हैं। पुस्तक प्रकाशन ऐसा व्यवसाय बन गया हैजिसमें घाटे का सौदा कभी होता ही नहीं। बस लेखक ही नुक़सान में रहता है। प्रकाशकों का एकाधिकार है इस क्षेत्र में और वे इसका फ़ायदा उठाते हैं। पैसे ख़र्च करना साथ ही भागदौड़ करना, हर महिला के लिए सम्भव नहीं होता है। और ऐसी साहित्यकारों की पुस्तकें उनके अपने रफ़ कॉपी में ही काल्पनिक रूप से जीती हैं। निःसंदेह प्रकाशकों को इस सन्दर्भ में सहयोगी रवैया अपनाना चाहिए, ताकि महिला साहित्यकार अपनी पुस्तक छपवा सकें। 


महिला साहित्यकार एक आम स्त्री है, जो अपनी भावनाओं और संवेदनाओं को जो इसी समाज से उसे मिलता हैदुनिया के सामने लाती है। साहित्य हर युग की दशा और दिशा बताता है। महिला साहित्यकार की लेखनी में समाज का वह कोना होता है, जहाँ किसी की निगाह नहीं पहुँचती है। पुरुषवादी सोच अमूमन स्त्री साहित्यकारों को पुरुष का विरोधी मान लेते हैंलेकिन यह कहीं से भी न सत्य है न वाज़िब। महिला साहित्यकार अपने जीवन में हारे या जीते, लेकिन जो भी वह लिखती है, उसके जीवन की सोच और अनुभूतियों का सच होता हैभले ही वह काल्पनिक हो। निःसंदेह महिला साहित्यकारों को साहित्यकार का सम्मानित दर्जा जिस दिन मिल पाएगाहमारा समाज ज़्यादा संवेदनशीलता से समस्याओं को समझ सकेगा। 


-जेन्नी शबनम (14.8.2019)

___________________