Saturday, January 7, 2012

33. रहस्यमय शरत

श्री शरतचन्द्र चटोपाध्याय
कोई कहता वो आवारा था, कोई कहता वो चरित्रहीन था, कोई कहता अगर उसको जानना हो तो किसी पथ भ्रष्ट मनचले को जान लो, कोई कहता कि वो वेश्यागमन करता था... लेखक हुआ तो क्या हुआ I महान साहित्यकार विष्णु प्रभाकर ने वर्षों की मेहनत के बाद उसकी जीवनी को 'आवारा मसीहा' नामक पुस्तक के रूप में लिखने में सफलता प्राप्त की, क्योंकि उस रस्यमय लेखक का चरित्र सदैव संदेहास्पद रहा है I उसको जानने वाले स्पष्ट रूप से कुछ भी नहीं बताते और कुछ लोग बताने से कतराते भी हैं I इस सन्दर्भ में 'आवारा मसीहा' को पढ़ कर समझा जा सकता है I
श्री सुरेन्द्र नाथ गंगोपाध्याय
मानिक सरकार चौक से हर बार गुजरते हुए हठात उस गली की ओर मेरी निगाहें मुड़ जाती हैं और हर बार मन होता कि उस घर को जा कर देखूँ जहाँ उस रहस्यमय साहित्यकार का बचपन गुजरा है और जिसके बारे में आज भी तरह तरह की भ्रांतियां फैली हुई है I किसी के लिए वो महान साहित्यकार है तो किसी के लिए स्वछन्द मनचला इंसान I बहुत कुछ पढ़ते सुनते जानते हुए वो मेरा प्रिय साहित्यकार है और उसकी कई रचनाएं पढ़ चुकी हूँ I उसकी रचनाओं पर दूरदर्शन पर धारावाहिक और कई फिल्मों का निर्माण भी हुआ है और सभी ने बहुत लोकप्रियता अर्जित की है I
विश्वविख्यात और प्रसिद्ध साहित्यकार शरतचन्द्र चटोपाध्याय का ननिहाल भागलपुर के मानिक सरकार चौक स्थित काली बाड़ी के पास है I वहाँ उन्होंने जीवन के वो पल बिताये जो उनके जीवन की आधारशिला है I मानिक सरकार चौक से एक रास्ता गंगा नदी के घाट तक जाता है I इस रास्ते में घाट से थोड़ा पहले काली बाड़ी है जहाँ शरतचंद्र के मामा श्री सुरेन्द्रनाथ गांगुली ने जगधात्री पूजा शुरू की थी और आज भी उनके वंशज प्रतिवर्ष धूमधाम से करते हैं I उसके समीप ही वो मकान है, जहाँ शरतचन्द्र का बचपन बीता है I उस घर को देखने की ललक को मैं रोक न सकी और एक शाम चल पड़ी उस व्यक्तित्व के उन पलों को महसूस करने जहाँ उन्होंने कई साल बिताये थे और शिक्षा ग्रहण की थी I छोटे से दरवाजे से घुसते हीं एक छोटी सी बैठक, बैठक के एक कोने में चार तस्वीर I दो छोटी और एक बड़ी तस्वीर शरतचन्द्र की, एक सुरेन्द्रनाथ गंगोपाध्याय (गांगुली) की I बैठक से लगा मकान का बरामदा, आँगन और रहने वाला कमरा है I बैठक में हमारा स्वागत किया शरतचन्द्र के मामा सुरेन्द्रनाथ गांगुली के पौत्र (पोता) श्री उज्ज्वल गांगुली ने जो एक निजी विद्यालय में शिक्षक हैं I करीब 5-6 वर्षीय उनका एकमात्र पुत्र जो बहुत चंचल है साथ हीं था जिसे बहुत मज़ा आ रहा था अपने घर में किसी मेहमान को देख कर I मेरे विद्यालय के वरीय प्रधानाध्यापक श्री सत्यजीत सिंह की उज्ज्वल जी से बहुत अच्छी और गहरी मित्रता है I सत्यजीत जी ने हमारा परिचय उज्ज्वल जी से कराया और फिर चल पड़ा शरतचन्द्र से जुड़ी बातों का सिलसिला I

उज्ज्वल जी का पुत्र और मैं
उज्ज्वल जी बताते हैं कि शरतचन्द्र के बारे में बहुत ज्यादा जानकारी नहीं है क्योंकि उस जमाने में पुत्र अपने पिता से बहुत ज्यादा बातें नहीं किया करता था अतः उन्होंने अपने पिता से कभी कुछ पूछा नहीं, पिता ने जो भी बताया और घर के अन्य लोगों से जो सुना बस उतनी हीं जानकारी है I उज्ज्वल जी की माता जी जो करीब 100 वर्ष की हैं बात करने में असमर्थ हैं, अन्यथा उनसे कुछ ख़ास जानकारी हमें मिल सकती थी I उज्जवल जी बताते हैं कि बहुत लोग आते हैं शरतचंद्र के बारे में बात करने और जानकारी लेने के लिए I अभी हाल में कोलकाता के एक अखबार ने शरतचन्द्र के बारे में कुछ लिखा जो गलत था, तो उन्होंने इस बारे में अपनी आपत्ति लिख भेजी है I अभी हाल हीं में एक निजी चैनल ने भी शरतचन्द्र से सम्बंधित किसी ख़ास जानकारी के सत्यापन और प्रामाणिकता के लिए उज्ज्वल जी पर दबाव दिया था I इन सब से आहत उज्ज्वल जी कहते हैं ''मेरे पास भी प्रमाण नहीं तो मैं कैसे किसी उस बात का सत्यापन करूँ जो मैं जानता नहीं बस घर में सुना है I मसलन शरत चन्द्र ने जिसे अपनी पत्नी बताया क्या वो सच में पत्नी थी, क्या देवदास शरत चन्द्र की जीवनी है आदि I'' लोगों की मनःस्थिति से उज्ज्वल जी काफ़ी आहत हैं, और खुश इस बात से कि शरतचन्द्र जैसे महान साहित्यकार और हस्ती के वंशज हैं I उन्होंने विरासत में मिली हर धरोहर को बहुत सजगता से संजोया हुआ है, चाहे वो शरतचन्द्र की कोई निशानी हो, मकान हो या फिर काली बाड़ी में होने वाली पूजा I
श्री उज्ज्वल गांगुली और उनका पुत्र
शरतचन्द्र के ननिहाल का परिवार संयुक्त रूप से रहता था I बहुत बड़े अहाते में स्थित मकान जिसमें शरतचन्द्र के नाना श्री केदारनाथ अपने भाइयों के साथ रहते थे I उज्ज्वल जी के दादा श्री सुरेन्द्रनाथ गांगुली जो स्थानीय दुर्गाचरण स्कूल में प्राचार्य होने के साथ हीं एक प्रतिष्ठित साहित्यकार भी थे और शरतचन्द्र के हम उम्र चचेरे मामा जो उनके बाल सखा और सबसे प्रिय मित्र भी थे, और जिनसे वो अपनी निजी-गोपनीय बात भी साझा करते थे I शरतचन्द्र के पिता की आर्थिक स्थिति अत्यंत हीं दयनीय थी अतः शरतचन्द्र को पढ़ने के लिए ननिहाल भेज दिया गया I कहा जाता है कि विपन्नता के बावज़ूद शरतचन्द्र शुरू से हीं स्वछन्द जीवन जीते थे अतः ननिहाल के कड़े अनुशासन में शरतचन्द्र के सुधार की गुंजाइश थी I भागलपुर के दुर्गाचरण स्कूल में उन्होंने पढ़ाई की और टी.एन.बी.कॉलेजियट स्कूल से एंट्रेंस परीक्षा पास की I इसके आगे की पढ़ाई के बारे में उज्जवल जी को स्पष्ट कोई जानकारी नहीं है I पता चला कि शरतचन्द्र के पिता श्री मोतीलाल चटोपाध्याय और शरतचन्द्र की माता भुवन मोहिनी कुछ समय भागलपुर के खंजरपुर मोहल्ला में किराए पर रहे थे और फिर वापस बंगाल चले गए I
श्री शरतचन्द्र चटोपाध्याय
शरतचन्द्र के भागलपुर में रहने की निश्चित अवधि तथा यहाँ से जाने की निश्चित तिथि की जानकारी उज्ज्वल जी को नहीं है I आगे की शिक्षा और शरतचन्द्र के परिवार के अन्य लोगों के बारें में भी ख़ास जानकारी नहीं है I परिवार के कई लोग यहाँ से अपना हिस्सा बेचकर चले गए I पूर्वजों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शरतचन्द्र भागलपुर से सटे जगदीशपुर प्रखंड के रामचंद्रपुर भी कभी कभी जाते थे और वहाँ भी उनका लेखन कार्य जारी रहता था I उज्ज्वल जी कहते हैं ''शरतचन्द्र तो बाद में बड़ा आदमी बना पहले तो वो एक आम आदमी था जो अपनी मर्ज़ी से जीता था और लोग इस लिए उसको पसंद नहीं करते थे I चूँकि वो अवज्ञा करता था अनुशासन में नहीं रहता था इसलिए कोई उसको मान नहीं देता था I शरतचन्द्र की बेफिक्री और मनमौजी घर के लोगों को पसंद नहीं थी I लोगों की नापसंदगी के कारण शायद शरतचन्द्र ने अपनी पहली पुस्तक 'मंदिर' को अपने मामा श्री सुरेन्द्रनाथ गांगुली के नाम से प्रकाशित कराया जिसे पुरस्कार मिला I''
खंडित हुक्का और पेन-स्टैंड/ऐश-ट्रे
कहते हैं कि शरतचन्द्र लिखते लिखते अचानक उठ कर नदी की ओर चल देते थे I अँधेरी रात में अकेले डेंगी (छोटी नाव) लेकर नदी पार कर जाते थे, कभी मछली मारने निकल जाते थे, खंजरपुर स्थित एक मकबरा पर अक्सर जाकर बैठे रहते थे I मानिक सरकार चौक के बाद ही मंसूरगंज मोहल्ला है; जहाँ तावायफें रहती थीं I 1989 के भागलपुर दंगा में ये मोहल्ला पूरी तरह उजड़ गया I बचे हुए परिवारों को शहर से बाहर एक जगह विस्थापित किया गया I कहते हैं कि इसी मंसूरगंज की एक तवायफ़ 'काली दासी' के कोठे पर शरतचन्द्र का आना जाना था, जहाँ वो बैठ कर लिखा भी करते थे I जैसे जैसे उनका लिखना बढ़ता गया आर्थिक स्थिति भी सुधरने लगी और उन्हें शराब पीने की लत लग गई I डॉ.बिधान चन्द्र रॉय ने शरतचन्द्र का इलाज किया I श्री सुरेन्द्रनाथ गांगुली ने शरतचन्द्र की मृत्यु के बाद शरतचन्द्र की जीवनी पर आधारित पुस्तक 'शरत परिचय' लिखा I निःसंदेह यह शरतचन्द्र की जीवनी की सबसे प्रामाणिक पुस्तक मानी जा सकती है क्योंकि सुरेन्द्रनाथ जी शरतचन्द्र के सबसे प्रिय सखा और मामा थे I
शरतचन्द्र के समय की कुर्सी
शरतचन्द्र की कहानी में स्त्री चरित्र बहुत मज़बूत, सशक्त और प्रभावशाली होता है I परंपरागत बंधनों से छटपटाती स्त्री का अंतर्द्वंद, मानसिक पीड़ा और उनकी जीवन शैली का बहुत सटीक चित्रण दिखता है I स्त्री मन की बारीकियों को इतनी सहजता से समझना और लिखना सच में अद्भुत है I उनकी कहानियाँ और उसके पात्र उनके इर्द गिर्द के हीं थे इस लिए हर पाठक को सभी कहानी जीवंत लगती है, चाहे देवदास हो या फिर श्रीकांत I वो अपने अनुभव के आधार पर कथा गढ़ते थे I शरतचन्द्र का जीवन संदेहों, अफवाहों और रहस्यों से भरा हुआ है I उन्होंने विधिवत विवाह नहीं किया; परन्तु हिरण्यमयी देवी जो उनके साथ रहती थी, उनको अपनी पत्नी का दर्ज़ा दिया; लेकिन परिवार ने इस रिश्ते को मान्यता नहीं दी I माना जाता है कि देवदास की पारो का चरित्र काल्पनिक नहीं है; बल्कि शरतचन्द्र की वह वास्तविक पारो मुजफ्फरपुर में ब्याही गई थी I
शरतचन्द्र द्वारा निर्मित कागज़-कलम होल्डर
शरतचन्द्र की कुछ निशानी जो उज्ज्वल जी ने संभाल कर रखी है, मुझे दिखाने के लिए ले आये I कुल चार सामान में लकड़ी की एक कुर्सी है I उज्ज्वल जी के अनुसार ''ये कहना मुश्किल है कि शरतचन्द्र ने इस कुर्सी का इस्तेमाल किया या नहीं, लेकिन ये उस समय से घर में है तो वो ज़रूर इस पर बैठते होंगे I'' लकड़ी का कागज़ और कलमदान (पेपर-पेन-होल्डर) जो शरतचन्द्र ने ख़ुद अपने हाथों से बनाया था I उसे हाथ में लेकर मैं देखती रही, न जाने कितनी कहानियों को रचने का साधन बना कलम और कागज़ इसमें रखा गया होगा I साथ हीं धातु का बना हुक्का का आधा टूटा हिस्सा और कलम रखने का एक छोटा स्टैंड भी था जो ऐश-ट्रे भी हो सकता है, वक़्त के साथ अपनी कहानी कह रहा था I उज्ज्वल जी ने बहुत अच्छी तरह इन चारो निशानी को संभाल रखा है I
शरतचन्द्र की चार निशानी
उस मकान से निकल कर मैं गंगा नदी के किनारे गई I मकान से नदी मात्र 100 मीटर की दूरी पर है I इसी घाट से वो आवारा मसीहा अपनी धुन में निकल पड़ता होगा डेंगी लेकर, न जाने मन में क्या-क्या सोचता हुआ, किस किस की पीड़ा को जीता हुआ, अपनी दुनिया में लीन, अपनी कहानी बुनता और जीता हुआ I उस स्थान पर ख़ुद को पाना मेरे लिए बहुत हीं रोमांचकारी अनुभव है जहाँ कभी शरतचन्द्र ने न जाने कितना समय बिताया होगा I हर उस गली से मैं भी गुजरी हूँ जहाँ से शरतचन्द्र गुजरे होंगे I दुर्गाचरण स्कूल के सामने से रोज़ आती जाती रही हूँ I नया बाज़ार का कॉलेजियट स्कूल जहाँ मैं अक्सर जाती थी क्योंकि मेरी माँ पहले वहीं शिक्षिका थी I गंगा नदी का दूसरा घाट जहाँ अक्सर हमलोग घूमने और खेलने जाते थे I मंसूरगंज मोहल्ला जो मेरे बचपन के स्कूल के रास्ते में पड़ता है I अब भी याद है बचपन में किसी ने डरा दिया कि वो लोग बच्चे पकड़ लेती है, तो मैं और मेरा भाई एक दूसरे का हाथ पकड़ कर मानिक सरकार चौक से सीधे जोगसर चौक तक दौड़ जाते थे I अजीब सी सिहरन और रोमांच हुआ अँधेरी रात में नदी के इतने समीप जाकर, जहाँ न जाने कितनी बार शरतचन्द्र अकेले गए होंगे अपनी धुन में गंगा से मिलने और बतियाने I 
शरतचन्द्र और सुरेन्द्रनाथ जी की तस्वीर के साथ मैं 
सब लोगों ने अपनी अपनी सोच से उनको देखा और जाना है I उनके बारे में अनेको धारणाएं और अफवाहें हैं I उनके जीवन जीने का तरीका, विचार, व्यक्तित्व, सब कुछ इतना अजीब था कि शुरू में उन्हें कहीं भी सम्मान नहीं मिला बल्कि तिरस्कार हीं मिला I बाद में उनकी रचनाओं की प्रसिद्धि और लोकप्रियता ने उनको सम्मान दिलाया I देवदास, परिणीता, बिराज बहु, श्रीकान्त, चरित्रहीन, बड़ी दीदी, मझली दीदी, नया बिधान, पथ के दावेदार आदि उनकी ख्याति प्राप्त कृतियाँ हैं I 'पथ के दावेदार' पुस्तक को ब्रिटिश सरकार ने ज़ब्त कर लिया क्योंकि बंगाल की क्रान्ति पर लिखा गया था I बेहद संवेदनशील, शरारती और जागरूक शरतचन्द्र का जीवन उलझनों और घटनाओं का ऐसा जाल था जिसमें वो आजीवन तड़पते रहे, पर कभी किसी से अपनी वेदना न कही I उनकी रचनाओं से उनके तेवर, तड़प और संवेदनाओं को जाना और महसूस किया जा सकता है I कथा कहानी लिखने और सुनाने में माहिर शरतचन्द्र की शख्सियत का रहस्यमय सच आज भी हम सभी के लिए अबूझ रहस्य है I

- जेन्नी शबनम (जनवरी 7, 2012)

******************************************************************************

Sunday, December 11, 2011

32. दिल्ली के 100 साल



दिल्ली के 100 साल...! नहीं नहीं दिल्ली तो तब से है जब से पृथ्वी है I जाने कितने युग- काल की साक्षी यहाँ की ज़मीन और आबो-हवा का अपना वज़ूद रहा है I भले हीं पहले यहाँ जंगल, पहाड़, खेत-खलिहान रहा हो या फिर कोई अनजान बेनाम बस्ती रही हो I नदी के किनारे ही आबादी बसती है, तो निःसंदेह यहाँ भी यमुना के किनारे आबादी रही होगी I कितनी संस्कृति बदली और नाम बदला I महाभारत काल का इन्द्रप्रस्थ धीरे- धीरे बदलते- बदलते अंत में देहली और फिर दिल्ली में परिणत हुआ I न जाने कितने बदलाव और बिखराव को देखा है दिल्ली ने I धीरे धीरे बसी दिल्ली ने हम सभी को ख़ुद में समाहित कर लिया I भले ही हम किसी भी प्रदेश या भाषा के हों, सभी का स्वागत किया है दिल्ली ने I पुरानी दिल्ली तो सदियों से वही है I बाज़ार, मकान, इमारत, मन्दिर, मस्ज़िद, पीढ़ियों को हस्तांतरित नाम और पहचान के साथ बदलती हुई सुदृढ पुरानी दिल्ली I किसी एक या किसी ख़ास की नहीं रही है दिल्ली, विशेषकर नयी दिल्ली I वक़्त वक़्त पर कितने नाम बदले होंगे इसके, कितने राज घराने, कितने राजशाही और सत्ताधारी को देखा इसने I घने जंगल कटे होंगे, कच्ची सड़कें पक्की हुई होंगी, राजमार्ग बने होंगे, यातायात के साधन बढ़े होंगे, ऐतिहासिक धरोहरें विकसित हुई होंगी I लोग बदलते गए और बढ़ते गए I दिल्ली भी अपनी निशानियों के साथ बदलती रही बढ़ती रही I पर दिल्ली की मिट्टी जो अब ईंट- कंक्रीट में पूरी तरह बदल चुकी है, आज भी सभी के दिलों पर राज करती है और सभी को पनाह देती है I आज भी दिल्ली में सुकून देने वाले उद्यान हैं, हरियाली है तो प्रकृति की समस्त ऊर्जा भी है I
दिल्ली दिल वालो का शहर है, दिल्ली सभी को अपना लेती है, अमीर हो या ग़रीब दिल्ली सभी की है, दिल्ली किसी की अपनी नहीं, दिल्ली की बेरुखी के चर्चे, लोगों की संगदिली के चर्चे, दिल्ली के ठग भी मशहूर हुए, दिल्ली की चकाचौंध, दिल्ली की रातें, दिल्ली की गर्मी, दिल्ली की ठण्ड आदि आदि कितनी शोहरत और बदनामी का दाग लिए दिल्ली अपनी जगह कायम है I जितने लोग सभी का अपना नज़रिया I कभी कोई यहाँ से हार कर गया तो किसी ने दुनिया जीत ली I अब ये दिल्ली की किस्मत नहीं दिल्लीवालों की तकदीर है कि किसको क्या मिला I

मेरे लिए दिल्ली आज भी उतनी हीं प्रिय है जितनी बचपन में थी I 21 साल से दिल्ली में हूँ लेकिन आज भी मन में दिल्ली के लिए एक अनोखा एहसास रहता है I ऐसा लगता है मानो दिल्ली कोई सुदूर देश का स्थान हो और जहाँ की दुनिया हमसे बहुत अलग और निराली है I वो जगह जहाँ आज़ादी के बाद स्वतंत्र भारत का तिरंगा फहराया गया होगा, वो जगह जहाँ देश के प्रधानमन्त्री और राष्ट्रपति रहते हैं, वो जगह जहाँ नागरिकों द्वारा चुने गए देश को चलाने वाले प्रतिनिधि रहते हैं, वो जगह जहाँ देश की राजधानी है, वो जगह जहाँ...
जब छोटी थी तो क्या क्या नहीं सोचती थी इस शहर के बारे में I मेरे पिता को घूमने और तस्वीर लेने का बहुत शौक था I जब हम दोनों भाई बहन छोटे थे तो हमें दादी के पास छोड़ मेरी माँ को साथ लेकर वो देश के अधिकतर शहर घूम आये I जहाँ भी जाते खूब सारी तस्वीरें लेते I मेरे पिता को तस्वीर लेने के साथ हीं उसे साफ़ करने का भी शौक था I जब भी घूम कर आते तो अपनी ली गई तस्वीरों को साफ़ करते I हम दोनों भाई बहन बैठ कर कौतूहल से रील को निगेटिव और फिर पॉजेटिव बनते हुए देखते I सारी तस्वीरों पर वो जगह का नाम और तिथि लिखते थे I हमलोग दिल्ली का लाल किला, कुतुबमीनार, जंतर-मंतर, इंडिया गेट, संसद भवन, राष्ट्रपति भवन, गांधी समाधि इत्यादि की तस्वीर देखते और तरह तरह के सवाल पूछते I दिल्ली गेट, दरियागंज, गोलचा सिनेमा हॉल का नाम खूब सुना था I
बचपन में दिल्ली कब आई ये तो याद नहीं लेकिन शायद 1986 का साल था जब पहली बार अपने होश में अपनी माँ के साथ मैं एन.ऍफ़.आई.डब्लू (NFIW) के राष्ट्रीय कांफ्रेंस में दिल्ली आयी, जिसमें कई महान हस्तियों के साथ हीं अमृता प्रीतम को भी देखी I अमृता की फैन मैं उनके साथ तस्वीर खिंचवाने में भी हिचकती रही और वो अपना भाषण देकर चली गई I भले मारग्रेट अल्वा के साथ फोटो खिंचवा ली क्योंकि लडकियाँ उनके साथ तस्वीर लेने में दिलचस्पी ले रही थी I कालान्तर में अमृता प्रीतम से मिली भी तो उनकी अवस्था ऐसी अशक्त थी कि तस्वीर और बात करना तो दूर उनको देख कर हीं आँखें भर आई I दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में कांफ्रेंस था और इसके साथ हीं हमलोग कुछ ख़ास जगह घूमने भी गए I ऐसा लगा जैसे कि किसी अनोखे शहर में आ गए हों I भाषा वही हिंदी, परन्तु उच्चारण अलग, पहनावा वही जैसा हमलोग पहनते थे, खान पान भी वही I मैं इस अलग दुनिया को जीभर कर देख रही थी कि क्या क्या है यहाँ जो मेरी सोच से अलग है I 

1987 में हम लोग फिर से दिल्ली आये, मेरा भाई छात्रवृति पर आगे की पढ़ाई करने अमेरिका जा रहा था I मेरे पिता के मित्र श्री रामाचार्य गांधी समाधि के इंचार्ज थे I उन के घर पर हीं हमलोग रुकते थे I भाई को विदा करने के बाद दूसरे दिन हम लोग एन.ई.एक्सप्रेस जो सुबह 6 बजे चलती थी से पटना के लिए चले I दिल्ली स्टेशन पर हीं गाड़ी खड़ी थी और हमारे दो सूटकेस चोरी हो गए I हमारा सारा सामान जिसमें मेरी माँ के और मेरे कपड़े थे चोरी चले गए I ट्रेन छोड़नी पड़ी I घंटो बाद रेल थाना में एफ.आई.आर दर्ज हो पाया I फिर रामाचार्य चाचा ने कनाट प्लेस के खादी भण्डार से मेरे लिए कपडे खरीदे, क्योंकि पहनने को भी कपडे नहीं रह गए थे I दूसरे दिन हम लौट आये, पूरी ज़िन्दगी के लिए एक टीस साथ लिये I चोरी गए सामान में मेरे पसंदीदा कैसेट, सभी अच्छे कपड़े, कुछ किताबें भी थी I पैसे की तंगी थी तो दोबारा ये सब खरीदना मुश्किल था I उसके बाद से जब भी पहाडगंज जाती तो ढूँढ़ती कि शायद हमारा वो टूरिस्टर सूटकेस मिल जाए I 

1988 में फिर दिल्ली आई I मेरे भाई ने मुझे ओहियो पढ़ने के लिए बुलाया था I लेकिन वीजा रिजेक्ट हो गया क्योंकि मैं बालिग़ थी और मेरे नाम अपने देश में कोई संपत्ति नहीं थी I फिर 1989 में मेरी शादी तय हो गई उसके बाद अक्सर दिल्ली आना लगा रहा I जब भी आती खूब घूमती 

1991 में शादी के बाद दिल्ली के बेर सराय में हम रहे फिर मुनिरका फिर सावित्री नगर (मालवीय नगर) के मकान नंबर 1 में किराए पर हम रहने लगे I शुरू में मकान- मालकिन को यकीन हीं नहीं होता था कि हम शादी शुदा हैं जबकि मेरे ससुराल के लोग वहाँ आ चुके थे I 1992 में मेरी नौकरी यूनिटेक लिमिटेड में हो गई जिसका कार्यालय साकेत में था I बस से आना जाना करती थी क्योंकि ऑटो के लिए पैसे नहीं होते थे I बस में इतनी भीड़ कि खड़ा होना भी आफत I काम से तीस हजारी कोर्ट जाना होता था I ऑफिस के चपरासी से मैं बस नंबर और रूट पूछ कर बस से जाती थी I वो अक्सर कहता कि जब आपको ऑटो का किराया मिलता है तो बस से क्यों जाती हैं? एक घटना के बाद मुझे ऑटो से अकेले जाने में बहुत डर लगता था I एक बार मैं अपने पति के साथ परिक्रमा होटल में रात का खाना खाने गई I वापसी में काफ़ी रात हो गई I बस मिली नहीं, एक ऑटो मिला, जाने के लिए तुरत तैयार हो गया I जैसे हीं मैं बैठी कि उसने ऑटो चला दिया, मैं चिल्लाने लगी और मेरे पति एक हाथ से ऑटो पकड़ कर दौड़ते रहे I कुछ दूर जाकर उसने रोका, जहाँ करीब 20-25 की संख्या में ऑटो चालाक खड़े थे I वो सभी ऑटो के पास आ गए I संयोग से सामने से एक पुलिस वैन आ रही थी जो भीड़ देखकर रुक गई I फिर हम पुलिस की गाड़ी से उस ऑटो वाले को लेकर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना गए I बाद में पुलिस वालों ने दूसरा ऑटो किया और रात को एक बजे घर पहुँचे I उस दिन से हीं ऑटो पर जाने से डर लगने लगा I कहीं जाना हो बस में चली जाती लेकिन ऑटो में नहीं I
जिन दिनों मेट्रो और फ़्लाइओवर के लिए सड़कें खोदी जा रही थीं, लोग कहते कि सरकार दिल्ली में हर तरफ गड्ढ़े करवा रही है, दिल्ली कि सड़कें गड्ढ़े में तब्दील I जब मेट्रो और फ़्लाइओवर बन गया तब मैं उन सबसे कहती कि अब किसे फ़ायदा हो रहा? क्या सरकार के मंत्री आ रहे इस मेट्रो में? या फिर फ़्लाइओवर पर सिर्फ नेता- मंत्री चलेंगे? आम जनता को बहुत सुविधा हुई मेट्रो से I कहीं भी जाना अब आसान लगता है I मेट्रो, फ़्लाइओवर, सुन्दर बसें, माल, सिनेमा हॉल देखकर अच्छा लगता है I सड़कें साफ़ सुथरी हैं I माल में सिनेमा देखना मेरा सबसे प्रिय शौक है I अब तो इतने सारे माल बन गए हैं I सिनेमा देखने लक्ष्मी नगर और गुड़गाँव तक चली जाती हूँ I क्या करूँ दिल है कि मानता नहीं I घर में ऊब जाओ तो अकेले भी माल में जाकर सिनेमा देख कर कुछ वक़्त बीता कर लौटने पर मन को अच्छा लगता है I सरोजनी नगर, मालवीय नगर, ग्रीन पार्क आज भी मेरा पसंदीदा बाज़ार है I गौतम नगर का वीर बाज़ार और साकेत का सोम बाज़ार अब भी लगता है और अभी भी सब्जी वहाँ से मँगाती हूँ I आदत है कि जाती नहीं I   
दिल्ली की भीड़ देखकर मन घबड़ाता है I दिन ब दिन भीड़ बढ़ती जा रही है I आये दिन ट्रैफिक जाम I कहीं जाना हो तो जाम के लिए अलग से समय लेकर जाना होता है I कभी कभी लगता है कि यहाँ किसी को दूसरे की फ़िक्र नहीं I अगर अकेले भी हैं तो यहाँ कोई नहीं पूछता कि अकेले क्यों? अगर उदास हैं तो कोई नहीं पूछता कि उदास क्यों? कोई दुर्घटना हो जाए तो भी शायद कोई नहीं देखे कि क्या हुआ I सभी अपने आप में व्यस्त, ख़ुद के लिए समय नहीं, दूसरे की परवाह कौन करे? कभी ये भी अच्छा लगता है जैसे चाहो रहो कोई टोकता नहीं I हर पहलू का अपना अपना रंग I
अब तो 21 साल हो गए दिल्ली को देखते- जानते- समझते I कई बार अपनी सी लगती है तो कई बार बेगानी I दिल्ली ने बहुत कुछ दिया है मुझे I सपने देखना भी सिखाया दिल्ली ने और जीना भी I आधी से ज्यादा ज़िन्दगी तो यहीं बीत गई I हर सुख़- दुःख की साथी रही है दिल्ली I उन दिनों भी दिल्ली ने हमारा साथ दिया जब एक वक़्त का खाना भी मुश्किल था, और अब भी जब सब कुछ है I ये सब दिल्ली का हीं दिया हुआ है I दिल्ली दिल्ली है, सच है दिल्ली देश का दिल है I 

- जेन्नी शबनम ( 11. 12. 2011)

__________________________________________________

Wednesday, November 16, 2011

31. कल सुनना मुझे

ज़िन्दगी जाने किन किन राहों से गुजरी, कितने चौक चौराहे पर ठिठकी, कभी पगडण्डी कभी कच्ची तो कभी सख्त राह से गुजरी I ज़ेहन में न जाने कितनी यादें हैं जो समय समय पर हँसाती है, रुलाती है तो कभी गुदगुदाती है I उम्र के हर पड़ाव पर जब भी पीछे मुड़ कर देखती हूँ तो ज़िन्दगी इतनी दूर नज़र आती कि लगता है जैसे वो लड़की मैं नहीं हूँ जिसके अतीत से मेरी यादें जुड़ी है, विशेषकर जन्मदिन की यादें I


भागलपुर के नयाबाजार में हमलोग किराए के जिस मकान में रहते थे वो एक ज़मींदार का बहुत बड़ा मकान है और यमुना कोठी के नाम से प्रसिद्द है I उस मकान की पूरी पहली मंज़िल हमलोगों ने किराए पर लिया था I खूब बड़ा बड़ा 4 छत, 6 कमरे, खूब बड़ा बरामदा I बरामदे में लोहे का पाया था जिसे पकड़कर गोल गोल घूमना मेरा हर दिन का खेल था I उस मकान के नीचे के हिस्से में अलग अलग कई किरायेदार थे I सभी से बहुत आत्मीय सम्बन्ध थे I मुझे अब भी याद है जब मैं दो साल की थी एक किरायेदार की शादी हुई I न जाने कैसे उस उम्र में हुई ये शादी मुझे अच्छी तरह याद है जबकि सभी कहते हैं कि इस उम्र की बातें याद नहीं रहती I जिनकी शादी हुई उनको मैं चाचा कहती थी और उनकी पत्नी मुझे इतनी अच्छी लगती थी कि मैं उनको मम्मी कहने लगी I जब थोड़ी और बड़ी हुई तब उन्हें चाची जी कहने लगी I सरोज चाचा से बड़े वाले भाई को ताऊ जी और उनकी बड़ी बहन को बुआ जी कहती थी I बचपन में मुझे समझ हीं नहीं था कि ये लोग मेरे सगे चाचा चाची या ताऊ बुआ नहीं हैं I स्कूल से घर आते हीं पहले उनके घर जाती थी फिर अपने घर I छुट्टी के दिनों में उनके साथ खूब खेलती थी I मिट्टी का छोटा चूल्हा, खाना बनाने के छोटे छोटे बर्तन, छोटा छोटा छोलनी कलछुल, चकला बेलना तावा चिमटा, छोटा सूप (चावल साफ़ करने के लिए), बाल्टी आदि सभी कुछ मेरे पास था I उन दिनों कोयला और गोयठा (गाय भैंस के गोबर से बना उपला) चूल्हा में जला कर खाना बनाया जाता था I मेरे छोटे चूल्हे में बिंदु चाची ताव (चूल्हा जलाना) देती थीं I फिर छोटे छोटे पतीले में भात (चावल), दाल, तरकारी (सब्जी) या कभी खिचड़ी बनाती थी I बड़ा मज़े का दिन होता था वो I मेरे पिता रोज़ 12 बजे यूनिवर्सिटी जाते थे और मेरी माँ अक्सर कार्य से बाहर रहती थी और मैं बिंदु चाची के साथ खूब खेलती थी I सभी बच्चे उनसे खूब हिले मिले थे I


जन्मदिन के मौके पर अपने बचपन का बीता हुआ एक जन्मदिन अब भी याद है I ये तो याद नहीं कि उम्र क्या थी मेरी लेकिन लगभग 5-6 साल की रही हूँगी I जन्मदिन पर केक काटने का रिवाज़ नहीं था मेरे घर में और न हीं आज की तरह कोई पार्टी होती थी I चाहे मेरा जन्मदिन हो या मेरे भाई का घर में बहुत बड़ा भोज होता था जिसमें मेरे पिता के भागलपुर विश्वविद्द्यालय में कार्यरत सहकर्मी शिक्षक, कर्मचारी, विभागाध्यक्ष, पिता के मित्र और स्थानीय रिश्तेदार आमंत्रित होते थे I पुलाव, दाल, तरकारी (सब्जी) खीर, दल-पूरी (दाल भरी हुई पूरी) ज़रूर बनती थी I दो फीट चौड़ी खूब लम्बी लम्बी चटाई ज़मीन पर बिछाई जाती थी जिसे पटिया कहते हैं, उस पर पंक्तिबद्ध बैठ कर सभी लोग खाना खाते थे I उपहार लाने की सभी को मनाही होती थी लेकिन कुछ बहुत अपने लोग उपहार ले हीं आते थे I मुझे याद है ताऊ जी (किरायेदार) ने एक खिलौना दिया था जो गोल लोहे का था और तार बाँध कर उसपर उसे चलाते थे I जाने क्यों वो मुझे बड़ा प्रिय था I मेरे भाई के जन्मदिन पर किसी ने घर बनाने का प्लास्टिक का अलग अलग रंग और आकार का ईंट दिया था जिससे घर बनाना भी बड़ा अच्छा लगता था I और अक्सर मैं अपने भाई के साथ घर बनाने का खेल खेलती थी I


पिता के देहांत के बाद भी जन्मदिन मनता रहा लेकिन वो जश्न, धूमधाम और भोज का आयोजन बंद हो गया I मेरे हर जन्मदिन पर मेरी दादी मेरे पापा को याद कर रोती थी, क्योंकि पिता की मृत्यु के बाद पैसे भी नहीं थे और पापा के समय के सभी अपने भी बेगाने हो गए थे I दादी कहती थी ''बऊआ रहते तो कितना धूमधाम से जन्मदिन मनाते'', मेरी दादी मेरे पापा को बऊआ हीं कहती थी I स्कूल और कॉलेज के दिनों में मेरी किसी से बहुत मित्रता नहीं थी, अतः जन्मदिन पर कोई मेहमान नहीं आते थे I स्कूल के दिनों में बहुत ख़ास कोई सिनेमा दिखाने पापा ले जाते थे I जब कॉलेज गई तो हमारे माकन मालिक की बहन के साथ खूब सिनेमा देखती थी और बाद में सिनेमा देखना मेरा शौक बन गया I जन्मदिन के अवसर पर मम्मी के साथ सिनेमा देखना बाद में एक नियम सा बन गया I दिन में सिनेमा देखती थी और रात के खाना पर मम्मी के स्कूल के कुछ सहकर्मी आ जाते थे I और बस जन्मदिन ख़त्म !


एक जन्मदिन (1986) पर मुझे मेरी एक ज़िद अब तक याद है I हमारे पारिवारिक मित्र डॉ.पवन कुमार अग्रवाल जो भागलपुर मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर और सर्जन थे, मेरे पिता तुल्य थे, एक जन्मदिन पर उन्होंने एक कैसेट उपहारस्वरूप दिया I उन्होंने कहा कि जो भी गाना चाहिए रिकॉर्ड करवा देंगे I ''कितने पास कितने दूर'' फिल्म का एक गाना ''मेरे महबूब शायद आज कुछ नाराज़ हैं मुझसे'' मेरा बहुत प्रिय गाना था, लेकिन उनदिनों ये नहीं मालूम कि ये किस फिल्म का गाना है I कुछ गाना के साथ हीं ये गाना भी मैंने उनसे कहा कि रिकॉर्ड करवा दें I चूकि फिल्म का नाम मालूम नहीं था तो गाना ढूंढ़ पाना कठिन था, और मेरी ज़िद कि वो गाना चाहिए हीं चाहिए I मैं शुरू की जिद्दी I अपने पिता के बाद एक मात्र वही थे जिनसे मैं बहुत सारी ज़िद करती थी और वो पूरा भी करते थे, क्योंकि अपनी बेटी की तरह मानते भी थे मुझे I ख़ैर वो गाना कई दिन के मशक्कत के बाद उनको मिल पाया और मेरी ख़्वाहिश पूरी हुई I


अब भी सिनेमा देखना मेरा सबसे प्रिय शौक है. कई जन्मदिन ऐसा आया जब मेरे पति शहर से बाहर थे I बच्चों के स्कूल जाने के बाद मैं अकेली सिनेमा देखने चली जाती थी I अपने लिए अपने पसंद का उपहार ख़ुद खरीदना और ख़ुद को देना अब भी मुझे बहुत पसंद है I


बचपन में मुझे भी हर जन्मदिन में और बड़े होने का उत्साह होता था जैसे अब मेरे बच्चों को होता है I लेकिन अब... ज़िन्दगी का सफ़र जारी है जन्मदिन आता है चला जाता है I पार्टी होती है, कभी घर पर कभी बाहर I आज यहाँ भागलपुर में हूँ I रात की पार्टी की तैयारी चल रही है I संगीत की धुन सुनायी पड़ रही है I काफी सारे लोग आने वाले हैं I मेरी बेटी ख़ुशी ने सुबह से धमाल मचाया हुआ है I बेटा सिद्धांत दिल्ली में है, कॉलेज खुले हैं वो आ नहीं सकता I पति ने खूब सारी तैयारी कर रखी है I काफी सारे लोगों ने फ़ोन पर बधाई दिया I मेरे भाई भाभी जो इन दिनों हिन्दुस्तान से बाहर हैं का फ़ोन आया I मेरी माँ का फ़ोन आया, बोलते बोलते रोने लगी क्योंकि वो भागलपुर में नहीं है I इन सबके बावजूद न जाने क्यों मन भारी सा है I जानती हूँ पार्टी है हंसना चहकना है, यूँ पार्टी खूब एन्जॉय भी करती हूँ I लेकिन न जाने क्यों बचपन मेरा पीछा नहीं छोड़ता I क्यों बार बार मन वहीं भाग जाता है जहां की वापसी का रास्ता बंद हो जाता है I बचपन की खीर पूरी और भोज याद आ रहा है I अब तो जन्मदिन मनाना औपचारिकता सा लगता है I कुछ फ़ोन कुछ सन्देश बधाई के और जवाब शुक्रिया...


- जेन्नी शबनम (16. 11. 2011)


********************************************************************

Friday, November 11, 2011

30. तारीखों का तसव्वुर (11. 11. 11)

11. 11. 11 तारीख का पूरी दुनिया में हो रहा बेसब्री से इंतज़ार अब ख़त्म हुआ I यूँ इस तरह की कोई भी तिथि जब भी आती है जीवन में एक अलग सा उत्साह नज़र आता है I ऐसी ख़ास तिथियों को पढ़ना, बोलना और याद करना सहज लगता है I दिन, महीना और साल के अंक तो वही रहते हैं 1 से 30/31, 1 से 12 और 1 से 100 सिर्फ सन (ईस्वी) बदलता है I हर एक पल एक बार गुजरने के बाद जैसे वापस नहीं आता वैसे हीं एक बार आई हुई कोई भी तिथि कभी दोबारा नहीं आती और बहुत ख़ास होती है I इस तरह की तिथि जब भी आती है कुछ ख़ास होने का एहसास होता हीं है I साल में एक बार हीं ऐसा दिन आता है जब दिन महीना और साल का अंक एक हीं हो I पर ये भी सिर्फ 12 तक हीं होना है I और पूरी एक सदी के बाद फिर से ऐसी तिथि दोहराई जाएगी, लेकिन सदी का अंक बदल जाएगा I मुझे याद है बचपन में भी जब ऐसी कोई तिथि आती थी तो मन में एक अजीब सा उमंग आ जाता था I अक्सर सोचती थी कि अब ये तिथि दोबारा नहीं आएगी I

कोई ख़ास तिथि और कोई ख़ास दिन को हम सभी ख़ुद हीं अपने अपने हिसाब से महत्वपूर्ण बना लेते हैं I अपने नाम के लकी नंबर के हिसाब से बहुत सारे महत्वपूर्ण कार्य किये जाते हैं, जैसा कि ज्योतिषियों का परामर्श होता है, या फिर कुछ ख़ास दिन निर्धारित किये जाते हैं कि कब कोई शुभ कार्य किया जाए कब नहीं किया जाए I कुछ ख़ास रंगों का प्रयोग वर्जित कर दिया जाता है तो कुछ ख़ास रंग दिन के हिसाब से तय किया जाता है I परन्तु ये सभी व्यक्तिगत सोच और आस्था के साथ चलती है I इसे सिर्फ अंध विश्वास नहीं कह सकते बल्कि कार्य की सफलता की उत्तम संभावना के लिए किया गया एक प्रयास भी कह सकते हैं  I कई बार ऐसा होता है कि मान्यताएं और विश्वास हममें आत्मविश्वास पैदा करती हैं भले कार्य फलीभूत न हो, फिर भी एक संतुष्टि रहती है कि हर संभव प्रयास किया गया I तिथियों का महत्व इस लिए और भी ज्यादा होता है कि हर एक पल हमारा अपना इतिहास बन जाता है I इस लिए ख़ास तिथि को किया गया ख़ास कार्य हमारे जीवन में यादगार बन जाए बस इतनी सी बात है I

मुझे याद है ऐसी हीं एक ख़ास तिथि 1. 1. 2000 और उससे पहले का वक़्त I मेरे लिए भी यह मिलेनियम साल ख़ास महत्व रखता था I उस साल मिलेनियम बेबी की चाह ने देश के सभी अस्पतालों में जैसे सैलाब ला दिया था I सभी अस्पताल, नर्सिंग होम और डॉक्टर पहले से बुक हो चुके थे I जिन बच्चों का जन्म 1. 1. 2000 से 10 दिन आगे पीछे होना था सभी माता पिता चाहते थे कि उनके बच्चे का जन्म उसी दिन हो I मुझे याद है मैंने अपनी डॉक्टर से कहा कि मैं भी 1 जनवरी को हीं अपने बच्चे को जन्म देना चाहती हूँ, जबकि उसका जन्म का दिन 6 या 7 तारीख निर्धारित था I डॉक्टर ने कहा कि कई सारे कम्प्लिकेशंस मेरे साथ हैं अतः ये रिस्क होगा I मेरी बेटी मिलेनियम बेबी बने हीं ये तो कहना मुश्किल था क्योंकि उस दिन करोड़ों बच्चे जन्म लेने वाले थे I

31 दिसंबर 1999 की रात एक ख़ास यादगार रात थी क्योंकि हम दूसरी सदी में प्रवेश करने वाले थे I एक अनोखा उत्साह पूरी दुनिया में व्याप्त था I हमें भी दो सदी में अपनी उपस्थिति का एहसास बड़ा अच्छा लग रहा था I बसंत विहार का एक होटल जो उन दिनों बसंत कॉन्टिनेंटल कहलाता था में बहुत बड़ा आयोजन होना था I मैं भी अपने परिवार के साथ वहाँ गई I भीड़ इतनी कि ख़ुद को संभालना मुश्किल, और मेरे गर्भ का अंतिम सप्ताह I कई लोगों ने मना किया, मैंने कहा कि जो होगा देखेंगे, कुछ हुआ तो हॉस्पिटल चल देंगे I भीड़ में सभी एक दूसरे से अलग हो गए, मेरे साथ सिर्फ मेरी माँ रह गयी I उन दिनों मेरे पास फ़ोन भी नहीं था और न पैसा लेकर चले थे I किसी तरह भीड़ में घुसकर रात का खाना खाया क्योंकि मधुमेह के कारण खाना खाना अतिआवश्यक था I एक भी कार्यक्रम नहीं देख सकी, क्योंकि वहाँ तक भीड़ में पहुंचना किसी दुर्घटना का शिकार होना था I अंत में किसी सज्जन से फ़ोन मांग कर अपने पति को फ़ोन किया और फिर हम घर वापस आये I थकावट के कारण 1. 1. 2000 को मुझे अस्पताल जाना पड़ा I डॉक्टर ने कहा कि अगर इतनी हीं इच्छा है तो आज भी डेलिवरी की जा सकती है लेकिन अगर 7 को हो तो बेहतर है I सब कुछ ठीक ठाक था अतः मिलेनियम साल के पहले दिन की इच्छा को त्याग कर निर्धारित 7 जनवरी को हीं बेटी का जन्म हुआ I

आज का दिन 11. 11. 11 यूँ तो अब 100 साल के बाद आएगा पर आज का दिन बाज़ार के लिए बहुत अच्छा साबित हो रहा है I ज्योतिषियों ने भी कहा है कि आज के दिन गाड़ी-ज़मीन-मकान का क्रय, बच्चे का जन्म, कोई महत्वपूर्ण कार्य आदि शुभ है I  सुना है कि अदाकारा एश्वर्या रॉय के बच्चे का जन्म आज हीं होगा I आज क्या क्या ख़ास होता है देखते हैं I अक्सर सोचती हूँ कि प्रकृति का नियम है सबकुछ अपने तय वक़्त पर होना I सभी तारीख और दिन अपने तय वक़्त पर आयेगा हीं और ये भी मानना चाहिए कि जब जो होता है अच्छे के लिए हीं होता है I आज कि तिथि 11. 11. 11 के लिए सभी को शुभकामनाएं, सभी के लिए आज का दिन ख़ास हो !

- जेन्नी शबनम 11. 11. 11

******************************
*******************************************************

Tuesday, November 1, 2011

29. 'बोल' के बोल

''मारना ज़ुर्म है तो पैदा करना क्यों नहीं ?'' ''नाजायज़ बच्चा पैदा करना गुनाह है तो जायज़ बच्चों की लम्बी कतार जिसकी परवरिश नहीं कर सकते गुनाह क्यों नहीं है ?'' ये सवाल ऐसे हैं जिससे दुनिया के किसी भी मुल्क़ का विवेकशील इंसान जो ज़रा भी इंसानियत से इत्तेफ़ाक़ रखता है के ज़ेहन में कौंध सकता है I अगर नहीं कौंधता तो शर्मनाक है, इंसानियत के लिए भी, इंसानी कौम के लिए भी और मुल्क़ के लिए भी I पाकिस्तानी फिल्म 'बोल' की नायिका जिसे ह्त्या के आरोप में फाँसी की सज़ा होती है, की आख़िरी ख़्वाहिश के मुताबिक़ मीडिया वालों के सामने फाँसी से पहले कुछ कहना चाहती है, जबकि उसने किसी भी न्यायालय में अपनी ज़ुबान नहीं खोली और अपना गुनाह कबूल किया है I वो ये सवाल सिर्फ अपने देश के राष्ट्रपति से नहीं कर रही बल्कि आम अवाम से कर रही है I आख़िर क्यों सम्मान के नाम पर बेटियों को अनपढ़ रखा जाए और जानवरों सी ज़िन्दगी जीने के लिए विवश किया जाए ? ''जब औरत के सामने मर्द लाजवाब (निरुत्तर) हो जाता है तो हाथ उठाता है'', ये सिर्फ 'बोल' की नायिका का कथन हीं नहीं बल्कि हर मर्द की आदत है I अपनी शक्ति दिखा कर स्त्री को अधीन में रखना पूरी दुनिया की औरतों की नियति है और पुरुष का व्यभिचार ! आख़िर कब तक सहन करे ?


पुत्र मोह में बेटियाँ ज्यादा हो तो उसे जानवरों सी ज़िन्दगी जीने पर विवश होना पड़ता है I पुत्र अगर मानसिक या शारीरिक रूप से विकलांग हो तो भी उसे स्वीकार किया जाता है I लेकिन पुत्र अगर पुरुष न होकर स्त्री का गुण ले ले तो न सिर्फ समाज से बल्कि घर में भी तिरस्कृत होता है I 'बोल' की नायिका का भाई जिसमें स्त्री के गुण हैं, पिता द्वारा सदैव तिरस्कृत रहता है I यहाँ तक कि पिता उसे देखना भी बर्दाश्त नहीं करता है, अतः माँ और बहनों का वह लाडला पिता के सामने कभी नहीं आता है I समाज का एक कुरूप चरित्र है कि वैसे पुरुष को भी पुरुष से हीं बचना होता है, क्योंकि मौक़ा पाकर उसे भी हवस का शिकार बना लिया जाता है I नायिका के भाई का बलात्कार होता है, और फिर नायिका के सामने हीं उसका पिता अपने पुत्र की ह्त्या कर देता है I समाज में हिजड़ों को सम्मान नहीं मिलता, जबकि किसी का भी स्त्री, पुरुष या हिजड़ा होना प्रकृति या ईश्वर द्वारा प्रदत्त गुण है I नायिका प्रतिशोध में कुछ नहीं कर पाती क्योंकि उसकी माँ का वह खाबिन्द है, सिर्फ अपने पिता से नफ़रत करती है I
एक तरफ बाप इसलिए शादी कर रहा है ताकि अपने बेटे के क़त्ल को छुपाने के लिए रिश्वत के पैसे का इंतजाम कर सके और बदले में उसे इसलिए शादी करनी है क्योंकि बेटियां पैदा करने में उसे महारत हासिल है I जिस दिन सबसे छुपकर एक कोठे वाली से बाप शादी करता है उसी दिन उसकी दूसरे नंबर की बेटी अपनी माँ और बहनों के सहयोग से अपने प्रेमी जो कि उसकी जाति से अलग जाति का है से शादी करती है I जब शाम को बाप घर आता है तो बड़ी बेटी (नायिका) जो अपने पति के घर से निष्कासित होकर मायके में रहती है, बताती है कि उसने बहन का विवाह करा दिया क्योंकि वो नहीं चाहती कि उसकी बहन की ज़िन्दगी भी उसके जैसी हो I बाप जो ख़ुद गुनाहगार है और दूसरी शादी करके आता है बड़ी बेटी और बीबी को मारता है कि उसने छोटी बेटी का विवाह दूसरी जाति में क्यों कराया I बड़ी बेटी से नफ़रत करता पिता अब छोटी बेटी से भी नफ़रत करता है I यूँ वो अपनी सभी बेटियों से नफ़रत करता है और अपनी बीबी से भी I


नायिका के बाप की दूसरी बीबी जो वेश्या है एक बेटी की माँ बनती है, छुप कर बच्ची को बाप के घर पहुँचा देती है क्योंकि उसे भी वेश्या बना दिया जायेगा और कोई भी माँ अपनी बच्ची को वेश्या के रूप में सहन नहीं कर सकती I पहली बीबी और बेटियाँ अवाक् है बाप के इस घिनौने हरकत पर I पर उस बच्ची का क्या दोष, सभी उसे अपना लेती है I वेश्यालय चलाने वाला बच्ची के गुम होने पर बाप को ढूंढने आता है, और तब तक बाप उस बच्ची की ह्त्या करने जाता है क्योंकि वो ह्त्या कर देना पसंद करेगा लेकिन अपनी बेटी का वेश्या होना नहीं I बच्ची की ह्त्या होने से नायिका बचा लेती है लेकिन बदले में बाप को मार देती है, अगर नहीं मारती तो उस मासूम बच्ची को भी उसका खुनी और क्रूर बाप मार देता I अचानक हुए ऐसे आघात से नायिका स्तब्ध है, और ख़ुद को गुनहगार मान समर्पण कर देती है I
फाँसी से पहले जब नायिका अपने परिवार से मिलती है तो कहती है ''उतार फेंको बुर्का'' और बहनों के सिर से बुर्का खींच कर फेंक देती है I जिस वक़्त मीडिया के सामने नायिका अपने गुनाह और ज़िन्दगी की कहानी सुनाती है, सभी का मन द्रवित हो जाता है I एक स्त्री पत्रकार नायिका को अपने बाप के क़त्ल के लिए गुनहगार नहीं मानती और हर संभव कोशिश करती है कि किसी तरह नायिका की सज़ा माफ़ हो जाए I लेकिन सरकारी महकमे की चाटुकारिता और असंवेदनशीलता के कारण राष्ट्रपति तक बात नहीं पहुँच पाती और नायिका को फांसी हो जाती है I


नायिका के सभी सवाल अपनी जगह तटस्थ हैं I जवाब की अपेक्षा हर पुरुष से, समाज से, धर्म के नुमायेंदे से और सत्ता वर्ग से है I ये सवाल पाकिस्तान की उस नायिका के चरित्र से निकल दुनिया की सभी स्त्रियों के ज़ेहन और ज़िन्दगी में दाखिल होता है कि आख़िर कब तक स्त्रियाँ यूँ ज़िन्दगी जियेंगी ? पुरुष के दंभ और औरत को उसकी औकात बताने वाला पुरुष कब अपनी औकात समझेगा ? आख़िर कब तक स्त्रियाँ  गुलाम रहेंगी ? चाहे वो बुर्का की गुलामी हो या फिर पुरुष की गुलामी या फिर धर्म के नाम पर किया जाने वाला जुल्म हो I बोल की नायिका का सवाल दुनिया की हर औरत का सवाल है I


- जेन्नी शबनम (अक्टूबर 28, 2011)


******************************************************

Saturday, August 27, 2011

28. अन्ना-अनशन-आन्दोलन

अन्ना हजारे का आन्दोलन अंततः ख़त्म हो गया है I सरकार कितने वक़्त में जन लोकपाल को अमली जामा पहनाएगी, ये सब तो अपने तय वक़्त पर हीं हम सबके सामने आएगा I पर इतना तो निश्चित हीं हम कह सकते हैं कि इस आन्दोलन में जनता की भागीदारी ने ये साबित कर दिया है कि आज पूरा देश जिस तरह भ्रष्टाचार से त्रस्त और आहत है इससे निज़ात पाने के लिए हर मुमकिन रूप अख्तियार किया जा सकता है I अन्ना के समर्थन में तमाम विपक्ष की पार्टियां, सामाजिक संगठन और देश की पूरी जनता है I इस पर कहीं कोई दो मत नहीं कि भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर ख़त्म करना चाहिए I सरकार हो या आम जनता या ख़ास जनता या फिर विपक्षी पार्टियां सभी चाहते हैं कि देश से भ्रष्टाचार दूर हो और हमने जिस आज़ाद प्रगतिशील भारत का सपना देखा है वो पूरा हो I


अन्ना हजारे के अनशन को सभी अपने अपने तरीके से ले रहे थे I मकसद तो यही है कि भ्रष्टाचार दूर हो लेकिन सोचने वाली बात है कि क्या सिर्फ जन लोकपाल बिल से भ्रष्टाचार दूर हो जाएगा? अन्ना के अनशन के दसवें दिन मैं राम लीला मैदान गयी ये देखने कि आम जनता पर इसका असर कैसा है और वो किस तरह इस आन्दोलन से खुद को जोड़ते हैं I सामान्य जनता के लिए अलग पंक्ति बनी थी, जिससे रामलीला मैदान में प्रवेश कर सकते हैं I अपने पुत्र के साथ एक पंक्ति में मैं भी लग गयी I एक दूसरी पंक्ति भी थी जो साथ हीं आगे बढ़ रही थी I कुछ लोग मेरी कतार से निकल कर दूसरी कतार में दौड़ कर चले जा रहे थे क्योंकि उन्हें लगा कि उसे पहले जाने दिया जाएगा I कुछ कार्यकर्ता उन लोगों को वहाँ से पकड़ कर वापस उनकी पंक्ति में ला रहे थे, तब तक दूसरा दौड़ जा रहा था I मज़ा भी आ रहा था देखकर लेकिन मैं सोचने लगी कि जिस भ्रष्टाचार के खिलाफ यहाँ आन्दोलन हो रहा है वहीं पहुँचने के लिए लोग अपना आचरण गलत कर रहे हैं I 'दिल्ली पुलिस' के नाम से प्रचलित गलत छवि को पुलिस वाले आज पूरी तरह साफ़ करने के मूड में दिख रहे थे, किसी के चेहरे पर कोई शिकन नहीं, कोई झुंझलाहट नहीं, आवाज़ में भी तल्खी नहीं, मुस्कुराते हुए, सुरक्षा के लिए तैनात दिख रहे थे I स्कूल ड्रेस पहने स्कूली बच्चे, छात्र, युवा, दफ़्तर से काम के बाद लौटने वाले कर्मचारी या अधिकारी, हर तबके और उम्र के पुरुष और महिलायें, मजदूर, रेड लाईट पर भीख मांगने वाले आदि भीड़ में शामिल दिखे I कहीं अफरातफरी नहीं पर लोगों में आक्रोश बहुत अधिक था I  

मैदान में प्रवेश करते हीं बदबू का भभका नाक में घुसा I बारिश के पानी से जहां तहां पानी लगा था I अन्ना रसोई का मुफ़्त भोजन वितरण की अलग पंक्ति जो ख़त्म हीं नहीं हो रही थी, मैदान में खाने की प्लेट, पानी का ग्लास, केले का छिलका बिखरा पड़ा था. एक तरफ सफाई कर्मचारी साफ़ करने में भिड़े थे तो दूसरी तरफ लोग खा-पीकर जहां तहां गंदगी फैला रहे थे I

अन्ना के मंच की तरफ बढ़ने पर 25-26 वर्षीय छोटे कद का एक नव युवक दिखा जिसने दोनों हाथों से एक बड़ा सा कागज़ पकड़ा हुआ था I जैसे हीं नज़दीक गई तो मैं रुक कर पढने लगी I उसमें लिखे का अर्थ था कि सोनिया गांधी जैसा चाहती हैं मनमोहन सिंह वैसा हीं करते हैं, लेकिन भाषा बहुत हीं अभद्र थी I बहुत उत्साहित और जोश में वो पूछने लगा ''आंटी कैसा लगा? मैंने लिखा है, बहुत दिमाग लगाया फिर लिखा है, सही है न ?'' मैंने उससे पूछा कि आप क्या करते हैं? उसने बताया कि वो डॉक्टर है गंगा राम हॉस्पिटल में और फिर पूछने लगा ''आंटी बताइए न ठीक लिखा है मैंने?'' मैंने पूछा कि ऐसा क्यों लिखा है? उसने कहा ''आंटी आपको एक चुटकुला सुनाऊं?'' मैंने मुस्कुराकर हाँ में सर हिलाया I उसने सुनाया कि एक हिन्दू एक मुस्लिम और एक सिख मरने के बाद स्वर्ग गए I वहाँ सबसे पूछा गया कि तुमने क्या क्या किया, ज़िन्दगी कैसी कटी, आराम था न? हिन्दू ने बताया कि उसने पूजा पाठ किया, तीर्थ यात्रा की और आनंद से ज़िन्दगी जीया. मुस्लिम ने कहा कि उसने नमाज़ पढ़ा, रोजा रखा और मक्का गया, वो ख़ुश है उसने अपनी ज़िन्दगी बहुत आराम से जीया है I सिख बोला ''कैसा आराम? आपने कैसी ज़िन्दगी दी मुझे? मुझे टॉफी बना दिया, नीचे से भी मरोड़ा जाता है ऊपर से भी I'' मैं समझ नहीं पाई कि इसमें चुटकुला क्या है I मैंने उससे पूछा कि इसका अर्थ क्या हुआ I उसने कहा कि मनमोहन सिंह है न ! वो दोनों हाथ नचा नचा कर बताने लगा कि जैसे टॉफी को दोनों तरफ से मरोड़ कर बंद करते हैं वैसे हीं (अर्थात सरदारों के बाल और दाढ़ी) I आश्चर्य हुआ एक डॉक्टर की भाषा और सोच पर, ये कैसा आन्दोलन कर रहे जिसमें प्रधानमंत्री के बारे में ऐसी भाषा I


आगे बढ़ने पर भीड़ बढ़ती जा रही थी I एक व्यक्ति चुपचाप एक चार्ट पेपर लेकर खड़ा था और जो भी सामने से गुज़रता उधर घूम कर उसे पढ़ाता I लिखा था- ''सावधान सावधान, अभी अभी हमें पता चला है कि पाकिस्तान के दो सूअर हमारे देश के किसी नाले में घूस गए हैं, बचकर रहना I उनके नाम हैं कपिल सिब्बल  मनीष तिवारी I'' मैं अवाक होकर उसे देखने लगी I पर उसके चेरे पर कोई भाव नहीं I बड़ा अजीब लगा कि ये कैसी भाषा का प्रयोग कर रहे, व्यक्तिगत टिप्पणी वो भी इतना घटिया I
आगे बढ़ने पर रामदेव बाबा का बड़ा सा बैनर दिखा जिसपर उन्होंने कहा है कि काला धन वापस आएगा तो हमारे देश को क्या क्या लाभ होगा I बाबा का आकलन और अनुमान देखकर आश्चर्य हुआ I उसकी भी तस्वीर हमने ले ली, कि जब कला धन वापस आ जायेगा तो याद रहेगा कि बाबा के अनुमान के मुताबिक़ क्या क्या हो पाया और क्या नहीं I

धीरे धीरे भीड़ में घुसते गए हम I बहुत बुरा हाल था I मीडिया के मंच तक भी नहीं पहुँच पाए कि लगा कि अब बेदम हो जायेंगे I एक तरफ अन्ना के मंच पर बिहार के भोजपुरी फिल्म अभिनेता-गायक मनोज तिवारी का देश भक्ति गीत गूंज रहा था तो दूसरी तरफ कुछ लोग नारा लगा रहे थे - ''सोनिया जिसकी मम्मी है वो सरकार निकम्मी है'', ''मनमोहन जिसका ताऊ है वो सरकार बिकाऊ है I''

वहाँ से हीं वापस हो गयी क्योंकि अन्ना के मंच तक पहुंचना असंभव था I पंडाल में एक जगह कुछ ग्रामीण महिलायें बैठी दिखी और साथ में गेरुआ वस्त्र पहने दाढ़ी वाले दो बाबा I वो जन लोकपाल बिल को और इस आन्दोलन को कितना समझती हैं ये जानने के लिए मैं उनसे बात करने लगी I वो सभी 'भारतीय किसान यूनियन' सतना, मध्य प्रदेश, से थे I एक गेरुआधारी का नाम लालमन कुशवाहा और मैं जिनसे बात कर रही थी उनका नाम शान्ति कुशवाहा है I शान्ति ने बताया कि किसान यूनियन के नेता ईश्वरचंद्र त्रिपाठी के साथ वो सभी आये हैं I मैंने पूछा कि यहाँ क्या हो रहा है, आप क्या करने आयी हैं? शान्ति ने बताया कि हमलोग अन्ना का साथ देने के लिए आये हैं, भ्रष्टाचार दूर करने के लिए I मैंने पूछा कि आपके गाँव में भ्रष्टाचार है? तो एक दूसरी महिला जो शांति के बगल में बैठी थी उत्तेजित होकर कहने लगी कि कहाँ नहीं है भ्रष्टाचार? सबको घूस देना पड़ता है तब कोई काम होता है, कहाँ से लाये हम पैसा? शान्ति से मैंने पूछा कि क्या आपको कभी घूस देना पड़ा है? उसने कहा ''नहीं हम तो नहीं दिए हैं लेकिन मुखिया और थाना में और अस्पताल में पैसा देना होता है तभी कोई काम होता है I'' मैंने पूछा कि आपको यहाँ कोई दिक्कत? कब से आये हैं आप लोग? उसने बताया कि ''आजे सुबह हीं आये हैं, खाना भी मिला है और कोई दिक्कत नहीं है, जब ईश्वरचंद्र जी जब कहेंगे तभी हम लोग यहाँ से जायेंगे I'' बगल वाली महिला अपना बैज और कार्ड दिखाने लगी जिसपर मेंबर भारतीय किसान यूनियन लिखा था I मैंने कहा कि जन लोकपाल बिल क्या है आपको मालूम है? वो बोली कि ''हम नहीं जानते नेता जी जानते हैं, वही हम लोग को लाये हैं उनके साथ हीं हम आये हैं अन्ना का साथ देने''I सच भी है ये ग्रामीण महिलायें लोकपाल बिल क्या जाने, यही जानती कि अन्ना का साथ देंगे तो देश से भ्रष्टाचार दूर होगा I अन्ना-आन्दोलन को सक्रिय सहयोग देने के लिए शुभकामना देकर हम पंडाल से बाहर आये I पंडाल में हीं एक जगह ''यादव वंश का इतिहास'' नामक किताब की बिक्री हो रही थी जिसकी मात्र 3 प्रति हीं वहाँ बच गयी थी, बगल में बड़ा बड़ा पोस्टर उस इतिहास को बताने केलिए लगा था I

सामने दो युवक मुस्कुराता हुआ अपना बैनर लिए खड़ा दिखा, फिर मुझे देखकर नज़दीक आया, किसी के भी आने से वो नज़दीक जा रहा था ताकि उसका बैनर पढ़ा जा सके, मैं पढ़कर स्तब्ध रह गयी ''एच.आई.वी से ज्यादा खतरनाक है कपिल सिब्बल I'' बेटे से मैंने कहा कि फोटो ले लो, तो उन दोनों ने पूरे जोश में आकर फोटो खिंचवाया I 

आन्दोलन कर्ता के साथ हीं मुफ़्त खाना खाने वालों की भीड़ वैसी हीं बनी हुई थी I केला लेने के लिए अलग एक लम्बी कतार थी, कुछ लोग उनमें से एक बार लेने के बाद खाकर वहीं छिलका फेंक फिर दोबारा पंक्ति में लग जा रहे थे I सच हीं है भूख हो तो सब का ईमान भ्रष्ट हो जाता है, और हर कोई मौक़ा चूकने नहीं देता है भले वो भ्रष्टाचार के विरुद्ध बोलता हो या फिर भ्रष्टाचार से त्रस्त हो I बाहर निकलने वाले गेट पर एक पोस्टर टंगा था जिसमें लिखा था ''संसद का घेराव करो, जल्दी चलो, जय भारत माता की'', ''अन्ना भूखा है, कुत्ते पार्टी करते हैं''I

अन्ना का अनशन भ्रष्टाचार के विरुद्ध है और हर बार वो हिंसा नहीं करने की गुजारिश करते थे I शारीरिक हिंसा तो कहीं नहीं है इस आन्दोलन में परन्तु मानसिक और भाषाई हिंसा सभी जगह नज़र आ रहा है I सरकार की गलत नीतियाँ और उनके विरुद्ध आवाज़ उठाना तो हर नागरिक का अधिकार भी है और कर्तव्य भी है लेकिन व्यक्तिवादी गाली देना या अशिष्ट भाषा का प्रयोग करना कहीं से जायज़ नहीं हैं I निःसंदेह अन्ना के साथ पूरा देश है क्योंकि भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ पूरा देश है, लेकिन अन्ना को क्या पता कि उनके समर्थक और उनको चाहने वाले उन्हीं के आन्दोलन के पंडाल में भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाते हुए खुद अपना आचरण भ्रष्ट कर रहे हैं I गांधी और अन्ना को एक कहने वाले कभी गांधी को पढ़ लें तो शायद अहिंसा, अनशन और आन्दोलन का अर्थ समझ जायेंगे I

- जेन्नी शबनम (अगस्त 27, 2011)

******************************
************************************************
  

Saturday, August 20, 2011

27. कठपुतलियों वाली श्यामली दी



श्यामली दी हम सभी को छोड़ कर चली गयीं. और इसके साथ हीं गुरुदेव की सोच की एक और विरासत का अंत हुआ. अभी एक महीने भी तो नहीं हुए जब उनसे मिली थी, कागज़ों और रंगों से खेलती हुई सबकी प्यारी श्यामली दी. समझ में नहीं आ रहा इस घटना को किस रूप में लूँ? 20 सालों से दोबारा शान्तिनिकेतन जाने का सपना पाल रखी थी, और जब गयी तो सभी से मिली भी और आने के दिन हीं श्यामली दी को लकवा (paralysis) का अटैक आया. अंतिम दिनों में शायद मुझे उनसे मिलना था. बस एक दिन पहले उनके साथ काफी हाउस में बैठ कर कॉफ़ी पी थी, उनके साथ दूकान गयी थी जहाँ से उन्होंने मेरे लिए किताब लिए, और उनके साथ हीं एक मित्र के घर बाउल का गाना सुनने और रात्री भोजन के लिए गयी थी जहाँ उनकी ख़ुद की बनाई ख़ास सब्जी (चचरी) भी थी. अटैक से ठीक पहले वो मेरे और मेरे बेटे केलिए नाश्ते की तैयारी कर रही थीं. आधा खाना बना चुकी थीं, आधा वैसे हीं कटा खुला रखा हुआ था. मेरे पहुँचने तक बस उनके दाहिने हाथ और पैर पर असर हुआ था, पर चेहरा ठीक था और बोल रही थीं. मेरे पहुँचने से पहले उन्होंने ख़ुद हीं मनीषा को फ़ोन कर बताया कि उन्हें अटैक आया है और वो जल्दी आये. ख़ुद उन्होंने मंजू दी से जो संयोग से मेरे साथ हीं उनसे मिलने गयी थीं क्योंकि काफी दिनों से वो भी मिली नहीं थीं, अपना थैला मँगा कर उसमें रखे पैसे दिए ताकि उनका इलाज़ उनके अपने पैसों से हो, किसी और की मदद वो लेना नहीं चाहती थीं. जब हम लोग वहाँ पहुंचे तो पूरे होश में थीं और बताई कि कैसे ये सब हुआ और बोलते बोलते आवाज़ लड़खड़ाने लगी. सांस लेने में बहुत तकलीफ़ हो रही थी. मैंने और मंजू दी बहुत कहा कि अस्पताल चलिए, लेकिन वो राज़ी नहीं थीं. फिर उन्होंने कहा कि ठीक है डॉक्टर को बुला लो. मंजू दी ने डॉक्टर को फ़ोन किया लेकिन डॉक्टर शान्तिनिकेतन में उपलब्ध नहीं थे. तब तक मनीषा आ गयी और फिर ज़िद कर हम सबने उन्हें गाड़ी से अस्पताल भेजा. गाड़ी में बैठते हुए साँसे भी अटक रही थी, बहुत मुश्किल से उनको बिठाया गया. जाते जाते भी मनीषा और मंजू दी से कहती रही कि मुझे ज़रूर से खाना खिला दे जो कुछ भी वो बना पायीं हैं. इशारे से वो मुझे कह रही थीं कि घर जाकर खा लो. बहुत कोशिश कर भी वो कुछ बोल नहीं पा रहीं थीं. अस्पताल में प्राथमिक चिकित्सा किया गया, और देखते हीं देखते शरीर का समूचा दाहिना हिस्सा काम करना बंद कर दिया. 



स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें दूर्गापुर ले जाने का निर्णय लिया गया. जब ये बात श्यामली दी को बताया गया तो बहुत जोर से चिल्लाने लगी कि उन्हें शान्तिनिकेतन में हीं रहना है कहीं बहार नहीं जाना है, जबकि उनकी आवाज़ स्पष्ट नहीं थी पर इशारे में भी वो यही कहती रहीं. एक मित्र ने उन्हें कहा कि आप फिक्र न करें सारा इंतजाम हो जाएगा, तो और भी गुस्सा हो गयीं. उन्हें शायद लगा कि अस्पताल में ख़र्च ज़्यादा होगा और किसी और का पैसा खर्च न हो, इसलिए इशारे में कही कि मनीषा के पास पैसा है, किसी और से पैसा नहीं लेना है. मैंने और मंजू दी ने समझाया कि आपके हीं पैसे से इलाज़ हो रहा है आप फ़िक्र न करें. 

शान्तिनिकेतन जहाँ प्रकृति, शिक्षा, कला, संस्कृति और विद्वता का केंद्र है, एक अच्छा अस्पताल नहीं, जहाँ सामान्य बीमारी से अलग किसी ख़ास बीमारी का इलाज किया जा सके. एम्बुलेंस ऐसी स्थिति में नहीं कि उस से श्यामली दी को दूर्गापुर भेजा जा सके. मेरी गाड़ी भी थी और मनीषा की भी लेकिन आपातकालीन प्राथमिक चिकित्सा के बिना श्यामली दी को दूर्गापुर ले जाना संभव नहीं था. सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, उन्हें लगातार ऑक्सीजन दिया जा रहा था. दूर्गापुर से एम्बुलेंस चल चुका था. इस बीच सत्य ने साथ जाने का फैसला लिया तो श्यामली दी के पैसे और झोला उन्हें दे दिया गया. श्यामली दी के मित्र शुभचिंतक जमा हो चुके थे और सभी बहुत दुखी थे. 

अभी एम्बुलेंस के आने में 2 घंटा और लगना था. मनीषा ने कहा कि मैं भी जाकर खाना खा लूँ और इस बीच में उसके कुछ सेमीनार होने थे वो सम्मिलित होकर शीघ्र आ जाएगी. खाना खाकर वापस आकर मैंने श्यामली दी को बता दिया कि उनके घर जाकर उनका बनाया खाना मैंने खा लिया है और अब आप चिंता न करें. वो बस मुस्कुरा दी और मुझे देखने लगी. उनकी आँखों में आंसू थे, शायद अपनी असमर्थता की पीड़ा पर. बोलने की बहुत चेष्टा करती रहीं लेकिन आवाज़ गले में अटक रही थी. मैंने उन्हें दिलासा दिया कि आप शीघ्र स्वस्थ हो जायेंगी आप दूसरे अस्पताल में चलिए. कुछ नहीं बोली बस डबडबाई आँखों से देखती रहीं. 

मनीषा से लगातार मैं संपर्क में थी, दूर्गापुर में उनके सिर का ऑपरेशन हुआ. कोई सुधार तो नहीं लेकिन स्थिर थीं. लगातार वेंटिलेटर पर रहीं. तब तक उनका पुत्र आनंदा भी कनाडा से आ गया. फिर उनको कोलकाता ले जाया गया क्योंकि स्थिति दिन ब दिन बिगड़ रही थी. 18 जुलाई को उनको अटैक आया था और तब से लगतार अस्पताल में उनका इलाज चलता रहा. मनीषा कई बार जाकर उनको देख चुकी थी. मनीषा केलिए श्यामली दी बहुत महत्व रखती हैं क्योंकि मनीषा के लिए जैसे सिर पर से साया उठ गया हो. यूँ मनीषा के अपने माता पिता जीवित हैं परन्तु मानसिक संबल सदैव श्यामली दी से मिलता था. 15 अगस्त को श्यामली दी ने अंतिम सांस लिया.

श्यामली दी का पूरा नाम श्यामली खस्तगीर है. वो एंटी न्यूक्लिअर एक्टिविस्ट के साथ हीं लोक-कला-संस्कृति जिसमें पेपर क्राफ्ट, कठपुतली (पपेट), मूर्तिकला, चित्रकला आदि के प्रसार केलिए भी काम करती रहीं. वो समाज सेविका के साथ हीं लेखिका, कलाकार, चित्रकार, शिल्पकार आदि कलाओं में निपुण मर्मज्ञ के रूप में प्रसिद्द हैं. अपने घर 'पलाश' जो कि शान्तिनिकेतन के पूर्व पल्ली में स्थित है, गरीब बच्चों को पढ़ाती थीं. इस घर में सभी तरफ इनके पिता और इनकी कला के नमूने कुछ सहेजे कुछ बिखरे हुए देखे जा सकते हैं. इनके पिता श्री सुधीर खस्तगीर प्रसिद्द शिल्पकार और चित्रकार थे, साथ हीं गांधीवादी और समाजवादी विचारधारा के व्यक्ति थे. शुरूआती दिनों में देहरादून के प्रसिद्द दून स्कूल में 20 साल वो कला के शिक्षक रहे. फिर लखनऊ के जी.सी.ए कॉलेज में प्रिंसिपल थे. श्यामली दी की माँ बनारस के एक ब्राह्मण परिवार से थीं. श्यामली दी के सिर से माँ का साया बचपन में हीं उठ गया. उनका बचपन देहरादून में बीता. बाद में शान्तिनिकेतन से उन्होंने कला की पढ़ाई की. विश्वविद्द्यालय के चीना भवन के विभागाध्यक्ष के पुत्र 'तान ली' जो कि कनाडा के मशहूर आर्किटेक्ट हैं से विवाह किया और साथ हीं कनाडा चली गयीं. वहाँ जाने के बाद वो भारत के साथ हीं अमेरिका और कनाडा के शान्ति आन्दोलन से भी जुड़ गयीं और अमेरिका में इस आन्दोलन के कारण गिरफ्तार भी की गयीं. कनाडा के वैभवशाली जीवन से जल्द हीं उब गयीं और फिर अपने पति से अलग होकर वापस शान्तिनिकेतन आ गयीं. अपनी सोच और विचारधारा के कारण वो मेधा पटकर और बाबा आमटे जैसे सामाजिक कार्यकर्ता के संपर्क में आयीं और साथ मिलकर काम करती रहीं. 44 वर्षीय आनंदा जो उनके एक मात्र पुत्र हैं कनाडा में अपने परिवार के साथ रहते है.
शान्तिनिकेतन से 10 किलो मीटर दूर तिलुतिया गाँव में एक आश्रम को शयमाली दी ने अपनी मृत्यु के बाद दाह संस्कार के लिए तय कर रखा है. उनके चाहने वाले और जानने वाले देश विदेश से आज यहाँ शान्तिनिकेतन में इकत्रित हो चुके हैं. श्यामली दी का शरीर आज शान्तिनिकेतन में ज़मींदोज़ कर दिया गया और उसी जगह पर एक पेड़ लगाया गया जैसा कि श्यामली दी की अंतिम इच्छा थी. 
शान्तिनिकेतन जैसे उनके जिस्म का कोई हिस्सा हो, या फिर वज़ूद का. शान्तिनिकेतन से बाहर वो रहने का सोच भी नहीं सकती थीं. अपनी पूरी जिंदगी उन्होंने शान्तिनिकेतन को समर्पित कर दिया और आज ख़ामोशी से अपने चाहने वालों को छोड़ सदा के लिए शान्तिनिकेतन में समाहित हो गयीं.

- जेन्नी शबनम ( अगस्त 16, 2011)
________________________________________________________